शिमला। संभोता तिब्बतन स्कूल छोटा शिमला में बुधवार को किन्नाैर, लाहाैल-स्पीति बौद्ध सेवा संघ और मुख्य प्रतिनिधि कार्यालय पंथाघाटी की ओर से 36वां नोबेल शांति पुरस्कार दिवस मनाया गया। यह दिवस बौद्ध धर्म गुरु दलाईलामा को मिले नोबेल पुरस्कार की याद में मनाया जाता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और लोगों को दलाई लामा के ज्ञान से अवगत करवाया तथा सभी लोगों को आपस में प्रेम से रहने का संदेश दिया।
विज्ञापन
इस अवसर पर जोनांग मठ के मठाधीश क्याब्जे खेंट्रुक कुंगा चोएपेल चोक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दलाई लामा के चित्र पर मेंडेल टेनसम अर्पित कर कार्यक्रम शुरू किया। इसके बाद तिब्बती और भारतीय राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम में तिब्बत के लिए आत्मदाह करके अपने प्राणों का बलिदान देने वाले तिब्बती शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा माैन रखा। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य, हिंदी गीतों और नोबेल पुरस्कार गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में एलटीए सचिव तेंनजिन पालदेन ला, सीआरओ शिमला लहाकपा तसीरिंग ला, किन्नौर, लाहौल स्पीति बौद्ध सेवा संघ के अध्यक्ष प्रो. विद्यासागर नेगी और प्रधानाचार्य पेमा ग्यालस्टिन समेत स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद