राजधानी के खलीनी वार्ड के झंझीड़ी में सात साल पहले 2019 में हुए स्कूल बस हादसे से लोगों ने सबक नहीं लिया है। अभी भी यहां अवैध पार्किंग हो रही है। शाम होते ही सड़कें अवैध रूप से खड़े वाहनों से भर जाती हैं, जिससे हादसे का खतरा रहता है। संवाददाता दीक्षा सरोय ने इसका जायजा लिया। पेश है ग्राउंड रिपोर्ट:- क्रॉसर
झंझीड़ी में संकरी सड़क से नहीं गुजर पाते दो वाहन
अवैध पार्किंग के कारण वाहनों के गिरने का है खतरा संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के खलीनी वार्ड के झंझीड़ी में अभी भी अवैध पार्किंग हो रही है। शाम होते ही काली मंदिर से लेकर झंझीड़ी तक सड़क गाड़ियों की अवैध पार्किंग से भर जाती है। सड़क का वीरवार को भी यही हाल था। सड़क संकरी होने के कारण यहां चलने वाले एचआरटीसी ट्रैवलर और टैक्सी निकालना तो दूर दो छोटे वाहन भी मुश्किल से पास दे पाते हैं।
विज्ञापन
जुलाई 2019 में यहां एक स्कूल बस खाई जा गिरी थी। इस दर्दनाक हादसे में दो स्कूली बच्चियों सहित बस चालक की मौत हो गई थी। इस दुर्घटना का एक कारण हादसे के समय सड़क पर की गई अवैध पार्किंग मानी गई थी। इसके बाद अवैध पार्किंग हटाई थी लेकिन अब फिर से वही हालत हो गई है। खलीनी में कई जगहों पर पार्किंग बनाई गई है लेकिन वाहन मालिक कुछ पैसे खर्च करने के बजाय लोगों की जान खतरे में डाल रहे हैं। खलीनी, लोअर खलीनी, भगवती नगर और झंझीड़ी में हालात काफी खराब है।
यहां है पार्किंग की सुविधा
झंझीड़ी में 30 से 35 गाड़ियों की पार्किंग बनी है। फौजीशॉप के पास भी दो मंजिला पार्किंग है लेकिन लोग इनका इस्तेमाल नहीं करते। हालांकि इस समय स्कूल बंद हैं लेकिन कुछ ही समय में स्कूल खुलने वाले हैं ऐसे में यहां ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ जाएगी। स्थानीय लोग कई बार इसे लेकर शिकायत कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं हुआ।
और पार्किंग बनेंगी : चमन प्रकाश
खलीनी वार्ड के पार्षद चमन प्रकाश ने माना कि लोग अवैध पार्किंग करते हैं और इसकी वजह से समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि उनके पास कई शिकायतें आती हैं। विशेष तौर पर स्कूल खुलने पर लोगों को ज्यादा समस्या होती है। उन्होंने कहा कि खलीनी में पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भेजा है। फौजीशॉप के पास स्टील पार्किंग के लिए एक और प्रस्ताव तैयार किया है। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पार्किंग का कराया है निर्माण : पूर्णमल
पूर्व पार्षद पूर्णमल ने कहा कि खलीनी में पार्किंग हैं लेकिन लोग उनका इस्तेमाल नहीं कर रहे। लोग लापरवाही के साथ सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान खलीनी में 50 से 55 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण करवाया है। उन्होंने बताया कि उनके पास आज भी अवैध पार्किंग को लेकर कई शिकायतें आती हैं। इसकी सूचना वह पुलिस को देते हैं और समस्या का समाधान करते हैं।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग अवैध पार्किंग से हो रही दिक्कत
स्थानीय निवासी प्रवीन ने कहा कि यहां अवैध पार्किंग की वजह से समस्या हो रही है। यहां से गाड़ियों की आवाजाही में परेशानी होती है। इस पर रोक लगनी चाहिए ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े और आने वाले समय में हादसे से बचा जा सके।
लोगों को होना चाहिए सतर्क
स्थानीय निवासी नीता ने बताया कि आजकल स्कूल बंद हैं और सर्दियों के चलते लोग घर गए हैं। आम तौर पर यहां बेतरतीब पार्क की गई गाड़ियों की लंबी कतारें लगी होती हैं। इसके चलते पहले भी हादसे हो चुके हैं, ऐसे अब लोगों सतर्क रहना चाहिए और इस पर रोक लगनी चाहिए।