केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण टीम जल्द करेगी दौरा अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस अड्डों पर अब कचरे के ढेर नहीं दिखेंगे। इसके लिए नगर निगम ने शुक्रवार से विशेष अभियान भी शुरू कर दिया है। सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए निगम ने टीमें बना दी हैं जो सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर नजर रखेगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शिमला शहर को नगर निगम ने गारबेज फ्री सिटी घोषित किया है। निगम का दावा है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अब गंदगी नहीं है। शहर में खुले में कचरा नहीं फेंका जा रहा है। हालांकि, केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम शहर का निरीक्षण कर फैसला लेगी कि शिमला को गारबेज फ्री सिटी घोषित करना है या नहीं। गारबेज फ्री सिटी के शिमला शहर को अतिरिक्त अंक मिलने हैं। इससे शिमला की रैंकिंग में सुधार हो सकता है। शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने वार्डाें में सफाई अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने शुक्रवार को छोटा शिमला क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी खुले में कचरा न फेंकने की अपील की गई। दोपहर के समय नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने सफाई व्यवस्था पर बैठक ली। दूसरे चरण के सर्वेक्षण के लिए केंद्रीय टीम आने वाले दिनों में शहर का दौरा करेगी। इससे पहले शहर में सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।