राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को अब वैकल्पिक विषय पढ़ने पड़ेंगे। संस्थान ने बीटेक, बीआर्क और दोहरी डिग्री के विद्यार्थियों को वैकल्पिक विषयों का चयन करने के निर्देश जारी किए हैं। आठ विभिन्न विभागों के विद्यार्थी वैकल्पिक विषय का चयन कर 11 से 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हालांकि जिन विद्यार्थियों ने अपने मूल विभाग में यह विषय पढ़े हैं, उन्हें वैकल्पिक विषय पढ़ने की आवश्यकता नहीं है।
वैकल्पिक विषयों में दाखिला विद्यार्थियों की ओर से पिछले चार सेमेस्टर में प्राप्त सीजीपीए के आधार पर होगा। केमिकल इंजीनियरिंग विभाग का नैनो साइंस एंड नैनो टेक्नोलॉजी, सिविल इंजीनियरिंग विभाग का सीपीएम एंड पीईआरटी और डिजास्टर मैनेजमेंट विषय, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग का डाटा स्ट्रक्चर विषय, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग का एमईएमएस डिजाइन विषय, ह्यमेनिटी एंड सोशल साइंस विभाग के इकॉनोमिक थ्योरी और इंडस्ट्रियल साइकोलॉजी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग का प्रोडक्ट डिजाइन एंड डेवलेपमेंट विषय, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग का न्यूरल नेटवर्क एंड फ्यूजी लॉजिक सिस्टम और मैटीरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग का मैटीरियल फॉर रिन्युअल एनर्जी समेत इन कुल आठ विभाग में से किसी एक विषय का विद्यार्थियों को चयन करना होगा।
उधर, डीन अकादमिक प्रो. आरएन शर्मा ने बताया कि पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को वैकल्पिक विषय में दाखिला लेने के लिए 11 से 15 जुलाई की अवधि के बीच ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा।