स्वर्ण पदक विजेता निषाद कुमार का भव्य स्वागत।
- फोटो : संवाद
हांग्जो चीन में पैरा एशियन गेम्स में नए एशियन गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक विजेता निषाद कुमार का सोमवार को उनके गृह क्षेत्र अंब में जोरदार स्वागत किया गया। अंब में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने इनका स्वागत किया। अंब पहुंचने पर निषाद कुमार के पिता रछपाल सिंह, माता पुष्पा देवी और बहन रमा कुमारी ने भी मुंह मीठा करवाकर स्वागत किया। इसके साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष इंदू धीमान ने भी निषाद कुमार को उपलब्धि के लिए बधाई दी। निषाद के नागरिक अभिनंदन के बाद सब उनके निवास बदाऊं पहुंचे।
इस अवसर पर एसडीएम अंब डॉ. विवेक महाजन, तहसीलदार, नायब तहसीलदार कमलेश कुमार प्रशासन की तरफ से स्वागत में शामिल रहे। इस मौके पर निषाद कुमार ने कहा कि पैरा एशियन गेम्स के लिए उन्होंने देश-विदेश के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत की। जिसका नतीजा उन्हें मिला। निषाद ने कहा कि अपने देश के साथ क्षेत्र का नाम रोशन करना हर किसी का सपना होता है। जीत के बाद जब लोग उन्हें सिर आंखों पर बैठाते हैं, उससे सुखद कुछ नहीं होता। इध, मैहतपुर में निषाद के स्वागत के लिए खेल विभाग के अधिकारी पहुंचे थे।