नए शहर के प्रस्ताव में होगा बदलाव, पहले ढाई मंजिला भवन बनाने का था प्रस्ताव
नए डेवलपमेंट प्लान के हिसाब से होगा संशोधन
150 बीघा जमीन पर हिमुडा ने चिन्हित किए हैं 250 प्लाट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में बढ़ती आबादी के बोझ को कम करने के लिए जाठियादेवी में बसाए जाने वाले नए शहर के प्रस्ताव में बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। टीसीपी विभाग की ओर से तैयार किए सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुसार इस नए शहर को बसाने के प्रस्ताव में भी संशोधन किया जा रहा है।
अभी तक की योजना के अनुसार इस नए शहर में ढाई मंजिला ऊंचे भवन बनाए जाने थे। 16 नवंबर 2017 को आए एनजीटी के फैसले के मुताबिक इस शहर की योजना तैयार की है। हिमुडा को इस नए शहर को बसाने का जिम्मा दिया है, जिसने इसका विस्तृत प्रस्ताव बनाया है। लेकिन अब डेवलपमेंट प्लान में इस नए शहर में पांच से सात मंजिला ऊंचे भवन बनाने की छूट देने का प्रावधान किया है। ऐसे में हिमुडा भी अब नए डेवलपमेंट प्लान के अनुसार इस नए शहर के प्लान में ही संशोधन कर एक अन्य बैकअप प्रस्ताव भी तैयार करने जा रहा है। इस पर टीसीपी विभाग के साथ बैठक होने जा रही है। बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाना है।
चुनावी साल में इस प्लान के लागू होने की संभावनाओं को देखते हुए नए शहर के प्रस्ताव में बदलाव होना तय है। शिमला शहर में आबादी का बोझ काफी बढ़ चुका है। यहां अब खाली जमीनें लगभग खत्म हैं। ऐसे में बाकी राज्यों की तरह शिमला शहर से बाहर जाठियादेवी को काउंटर मेगनेट टाउन के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इस नए शहर में एक लाख तक की आबादी बसाने की योजना है। इसमें रिहायशी भवनों के अलावा व्यावसायिक परिसर, सार्वजनिक परिसर बनाने की योजना है।
243 बीघा भूमि पर बसना है नया शहर
जाठियादेवी में 243 बीघा जमीन पर यह काउंटर मेगनेट शहर बसाया जाना है। हिमुडा ने इसमें से 150 बीघा जमीन के इस्तेमाल को लेकर योजना भी तैयार कर ली है। इस 150 बीघा में कुल 250 प्लाट भवन निर्माण के लिए चिन्हित किए हैं। इनमें रिहायशी भवनों के अलावा कई व्यावसायिक परिसर, स्कूल आदि के निर्माण का खाका तैयार किया है। सरकार इस प्लान को जल्द अंतिम रूप देने जा रही है।
नए शहर में कितने ऊंचे बनेंगे भवन
श्रेणी भवन की ऊंचाई मंजिलें
रिहायशी 21 मीटर 5 मंजिल
व्यावसायिक 21-25 मीटर 6-7 मंजिल
सार्वजनिक 21-25 मीटर 6-7 मंजिल
नए प्लान के अनुसार बनेगा प्रस्ताव : अभियंता
अभी तक ढाई मंजिला भवन बनाकर नया शहर बसाने की योजना है, लेकिन अब नया सिटी डेवलपमेंट प्लान आ चुका है। ऐसे में अब इसके अनुसार नए शहर का प्रस्ताव तैयार करने पर चर्चा होगी। जल्द ही इस पर टीसीपी विभाग के साथ बैठक होनी है।
-अंजोरी कपूर, अधीक्षण अभियंता, हिमुडा