कोटखाई में हुए गुड़िया प्रकरण के बाद शिक्षा निदेशालय ने स्कूली बच्चों को अंजान खतरों से जागरूक करने का फैसला लिया है। निदेशालय ने मार्निंग एसेंबली के दौरान रोजाना बच्चों को जागरूक करने की एडवाइजरी जारी की है।
बच्चों को अप्रत्याशित और रोजाना की घटनाओं से सचेत रहने के लिए प्रिंसिपलों से जागरूक करने के लिए कहा गया है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल बिंटा ने इसकी पुष्टि की है।
स्कूल प्रिंसिपलों को जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि बच्चों को बताया जाए कि किसी भी अंजान व्यक्ति से गाड़ी में लिफ्ट न लें और न ही किसी तरह के प्रलोभन में आएं। किसी भी अंजान व्यक्ति से कोई भी खाने का सामान न लें।
बच्चों को बताया जाए कि स्कूल से आते-जाते दौरान समूह में रहें। छात्राओं को विशेषतौर पर अकेले न आने और जाने की सलाह दी गई है। बच्चों से अपील की गई है कि अगर वह अंजान को पीछा करते हुए देखें
तो फौरन इसकी सूचना प्रिंसिपल, शिक्षकों और अभिभावकों को दें। कोई अन्य स्कूली विद्यार्थी अगर किसी अंजान के संपर्क में दिखे तो उसकी सूचना भी दी जाए। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल बिंटा ने प्रदेश के स्कूली बच्चों से हर तरह से सतर्क रहने की अपील भी की है।