24 घंटे पेयजल योजना के तहत दिसंबर में बाकी चार पैकेज भी ठेकेदार कंपनी को होंगे हैंडओवर
नई लाइनें बिछाने के साथ बनेंगे जल भंडारण टैंक
योजना के तहत पूरे शहर में 10 पैकेजों में बांटा है काम
अभी छह पैकेजों के तहत 18 वार्डों में चल रहा कार्य अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के सभी 34 वार्डों में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना के तहत नई पाइपलाइनें बिछाने का काम जल्द शुरू होगा। दिसंबर में योजना के बाकी चार पैकेज भी ठेकेदार कंपनी सुएज इंडिया को सौंपने की तैयारी है। इसके बाद शहर के सभी वार्डों में नई पाइपलाइनें बिछाने का काम शुरू हो जाएगा।
अभी छह पैकेजों का काम सुएज इंडिया कंपनी को सौंपा है। इनके तहत शहर के 18 वार्डों में नई पाइपलाइनें बिछाने का काम चल रहा है। बाकी चार पैकेजों का काम शुरू होने के बाद अन्य वार्ड भी इस योजना के दायरे में आ जाएंगे। पेयजल कंपनी का कहना है कि शहरवासियों को जल्द 24 घंटे पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सभी वार्डों में काम शुरू करने की तैयारी है। शहर में पर्याप्त प्रेशर के साथ घरों तक 24 घंटे पानी पहुंचाने के लिए करीब 972 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना चलाई जा रही है। इसके तहत शहर में करीब 250 किलोमीटर नई पेयजल पाइपलाइनें बिछाने का लक्ष्य रखा है। पूरे काम को 10 पैकेजों में बांटा गया है। पेयजल कंपनी के अनुसार दिसंबर में बाकी चार पैकेज भी ठेकेदार कंपनी को सौंप दिए जाएंगे। इससे सभी 34 वार्डों में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। नई लाइनें बिछाने के साथ ही वार्डों में नए जल भंडारण टैंक बनाने का काम भी किया जाएगा।
विज्ञापन
कई वार्डों में मिलेगी 24 घंटे पानी की सुविधा
शहर के मशोबरा और ढली वार्ड में नई पाइपलाइनें बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। इन वार्डों में इन दिनों 24 घंटे पानी की आपूर्ति की जा रही है। पेयजल कंपनी का दावा है कि जिन वार्डों में नई पाइपलाइनें बिछाने का काम पूरा हो जाएगा वहां 24 घंटे पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। अगले छह माह में आधा दर्जन से अधिक वार्डों में काम पूरा कर लोगों को इस सुविधा से जोड़ने की तैयारी है।
सभी वार्डों में शुरू होगा काम
शहर में अभी 10 में से छह पैकेजों के तहत 15 से अधिक वार्डों में 24 घंटे पेयजल योजना की नई पाइपलाइनें बिछाने का काम चल रहा है। दिसंबर के अंत तक बाकी सभी वार्डों में भी यह काम शुरू कर दिया जाएगा। इसमें जिन वार्डों में पाइपलाइनें बिछाने का काम पूरा हो चुका है, वहां लोगों को 24 घंटे पानी की आपूर्ति भी मिलने लगेगी। -आदर्श भोटा, एजीएम, पेयजल कंपनी, शिमला