राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता टीम।
- फोटो : संवाद
आठवीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में हिमाचल के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। हिमाचल ने चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत पदक पर कब्जा किया है। राष्ट्रीय स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने उत्तर प्रदेश के मथुरा में पांच नवंबर को कबड्डी और वॉलीबाल के मुकाबले करवाए। कबड्डी के वरिष्ठ वर्ग में हिमाचल की ए और बी दोनों टीमें फाइनल में पहुंचीं। हिमाचल की बी टीम ने ए को हराकर स्वर्ण पदक झटका। हिमाचल की ए टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। विजेता टीम में कीर्ति लाल, साहिल कुमार, प्रदीप शर्मा, वासुदेव, हरप्रीत सिंह, कश्मीर सिंह आदि शामिल रहे। सचिन राणा, रोहित राणा, अभिषेक राणा, सनी कुमार, विक्रम, साहिल, प्रिंस कबड्डी की ए टीम का हिस्सा रहे। वॉलीबाल मुकाबले में हिमाचल की वरिष्ठ टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक पर कब्जा किया है। इस टीम में खिलाड़ी निशांत, रोहित, अनुज, राहुल ठाकुर, नीरज, अनिकेत ठाकुर ने बेहतर प्रदर्शन किया। कोच दीपक कुमार चवारिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कबड्डी और वॉलीबाल टीम के खिलाड़ियों ने आठवीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया है।
किक बॉक्सिंग में अखिल ने भारत के लिए दो स्वर्ण
किक बॉक्सिंग में देश के लिए दो स्वर्ण पदक जीतने वाले बिलासपुर के देलग गांव के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर का मंगलवार को घर पहुंचने पर स्वागत किया गया। कंदरौर चौक और देलग में लोगों ने उन्हें हार पहनाकर और फूल देकर बधाई दी। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 2 से 6 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अखिल ने दो स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल का नाम चमकाया है। अखिल ने 89 किलोग्राम भार वर्ग में किक लाइट और लाइट कांटेक्ट इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किया है। अखिल ने कहा कि वह देश के लिए और पदक जीतने चाहते हैं।