हरियाणा के सिरसा में चल रही 50वीं गोल्डन जुबली राष्ट्रीय वरिष्ठ पुरुष हैंडबाल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 साल बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। हिमाचल प्रदेश हैंडबाल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि प्रदेश ने पूल सी में राजस्थान को 26-18, जम्मू-कश्मीर को 33-13 से हराकर पूल में प्रथम स्थान हासिल किया। प्री-क्वार्टर मुकाबले में टीम ने कर्नाटक को 37-21 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टीम के लिए विशाल ने 13, अभय राणा ने 7, वरुण शर्मा ने 4, रवनीत ने 3, अक्षित सांख्यान, उद्धव नेगी, दविंदर, दीपक और हिमांशु ने 2-2 गोल किए। टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला पंजाब के साथ होगा। कोच राजेश मेहता ने बताया कि टीम का दावा इस बार मजबूत है।
इंटर कॉलेज हैंडबाल प्रतियोगिता में बिलासपुर और भटोली का जीत से आगाज
वहीं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की महिला और पुरुष वर्ग की दो दिवसीय इंटर कॉलेज हैंडबाल प्रतियोगिता गायत्री कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को आरंभ हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा निदेशक विवेक चंदेल ने किया। आयोजन समिति के सचिव पंकज सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में 7 और महिला वर्ग में 5 टीमें भाग ले रही हैं। पुरुष वर्ग में पहला मैच जीसी जोगिंद्रनगर और जीसी बिलासपुर के मध्य खेला गया। इसमें बिलासपुर ने जोगिंद्रनगर को 22-11 के अंतर से हराया। दूसरा मैच महिला वर्ग में महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर और गायत्री कॉलेज ऑफ एजूकेशन कांगू के मध्य खेला गया। इसमें महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय ने गायत्री कॉलेज को 15-7 अंक से हराया। तीसरा मैच जीसी ऊना और एसबीडी कॉलेज भटोली के मध्य खेला गया। इमें भटोली ने ऊना को 13-10 से पराजित किया।