वर्षों से लाखों के गृहकर पर कुंडली जमाए बैठे लोगों को हिमाचल प्रदेश की नगर परिषद नाहन ने राशि जमा कराने पर 10 फीसदी की छूट दे दी है। सिर्फ एक महीने के लिए यह छूट रहेगी। मंगलवार को नगर परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। नगर परिषद नाहन में दर्जनों लोगों पर एक करोड़ रुपये का गृहकर लंबित है। 40 के करीब ऐसे लोग हैं जिन पर गृहकर एक-एक लाख रुपये की राशि से अधिक है। इनमें कई लोगों ने 2001 से इस राशि को जमा नहीं किया है। इसको लेकर नगर परिषद ने ऐसे लोगों को एक माह के भीतर कर राशि जमा कराने पर ये छूट दी है। नप अध्यक्षा श्यामा पुंडीर की अध्यक्षता में हुई हाउस की बैठक में शहर में किए जाने वाले कार्यों और सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में शहर के रानीताल के रखरखाव का जिम्मा एक साल के लिए डेढ़ लाख रुपये में ठेके पर सौंपा गया। यदि संबंधित ठेकेदार का कार्य संतोषजनक पाया गया तो ठेके को तीन साल के लिए बढ़ा दिया जाएगा।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में सीसीटीवी लगाने के लिए विचार-विमर्श किया गया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि हाउस की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि लंबित हाउस टैक्स जमा कराने पर ऐसे लोगों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह छूट केवल एक महीने के लिए ही दी गई है। लिहाजा, संबंधित लोग जल्द से जल्द अपना लंबित हाउस टैक्स जमा करवाएं। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि शहर में सीसीटीवी लगाने के लिए भी नगर परिषद के पास एक आवेदन आया है, जिसमें फडिंग के लिए सरकार को लिखा जाएगा ताकि शहर में आपराधिक गतिविधियों के साथ-साथ खुले में कूड़ा डालने वाले लोगों पर नजर रखकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों का रखरखाव किया जाएगा। इसके अलावा विधायक प्राथमिकता के तहत 25 लाख रुपये की राशि से भी विकास कार्य किए जाएंगे, जिसके तहत विभिन्न कार्य किए जाएंगे। कई कार्यों के टेंडर लगाए जा चुके हैं। इस मौके पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता सहित भाजपा और कांग्रेस समर्थित पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।