हिमाचल में कल आएगी इफ्को की यूरिया खाद
प्रदेश में सोमवार से इफ्को यूरिया खाद की सप्लाई शुरू होगी। रविवार को बरेली से हिमाचल के लिए यूरिया खाद की करीब 59 हजार 154 बोरियां होशियारपुर पहुंचेंगी। इसके बाद खेप मांग के हिसाब से अलग-अलग क्षेत्रों में भेजी जाएगी। किसानों की मांग पूरी हो जाएगी और फसलों में समय से इसका छिड़काव हो पाएगा।
बीते दिनों हिमफेड ने यूरिया खाद पूरे प्रदेश के लिए भेजी थी। कई किसानों की जरूरत तो पूरी हो गई, लेकिन अभी भी कई जगह खाद की मांग की जा रही है। खाद की मांग करने वालों में अधिकतर बड़े किसान हैं, जिन्हें 30 से 50 बोरियों की जरूरत रहती है। इस समय एक आधार कार्ड पर यूरिया खाद की दो बोरियां मिल रही हैं। इससे अधिक जरूरत वाले किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है।
शनिवार को ऊना के पंडोगा गांव की सोसायटी में खाद की 300 बोरियां पहुंचीं। कुछ ही घंटों में यह खेप खत्म हो गई। कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। इफ्को खाद की खेप जनवरी के अंत में आई थी। यह हफ्ते में खत्म हो गई। 21 फरवरी को नई खेप आने से सूबे के सैकड़ों किसानों को राहत मिलेगी। उधर, इफ्को के क्षेत्रीय प्रबंधक भुवनेश पठानिया ने बताया कि रविवार शाम को प्रदेश के लिए खाद की खेप होशियारपुर पहुंच जाएगी। 21 फरवरी को इसे मांग के अनुसार आवंटित किया जाएगा। संवाद
हिमफेड की खाद से सस्ती है इफ्को की यूरिया
किसान इफ्को की यूरिया खाद को तरजीह देते हैं। इसकी मुख्य वजह दोनों की कीमत में अंतर माना जाता है। हिमफेड की खाद लगभग 290 रुपये में एक बोरी मिलती है, जबकि इफ्को की यूरिया 267 रुपये में बोरी मिलती है।