जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए शहर को पांच जोन में बांटा गया है। घर पर कई दिनों से पानी न आने, लाइन में लीकेज या फिर किसी अन्य बेहद जरूरी सूचना के लिए लोग जोन आफिस में फोन करते हैं। लेकिन नगर निगम शिमला के चौड़ा मैदान और न्यू शिमला जोन के फोन आपरेटर पब्लिक का फोन उठाने में सबसे लापरवाह हैं।
‘अमर उजाला रियलिटी चेक’ के दौरान इन दोनों जोन के प्रभारियों ने लगातार फोन की घंटी बजने के बावजूद फोन उठाने की जहमत नहीं उठाई। इन दोनों जोन आफिस के तहत आने वाले लोगों की अकसर शिकायत रहती है कि जब भी फोन किया जाए बात नहीं होती।
शनिवार को रियलिटी चेक के दौरान नगर निगम के जोनल आफिसों के नंबरों पर नियमित अंतराल में कॉल की गई। इस दौरान चौड़ा मैदान और न्यू शिमला जोन में फोन नहीं उठा हालांकि मालरोड स्थित कंट्रोल रूम सहित छोटा शिमला, कुसुम्पटी और संजौली में तुरंत फोन सुन लिए गए।
चौड़ा मैदान जोन- चौड़ा मैदान जोन के नंबर 0177-2813671 पर रियलिटी चेक के लिए शाम 4:45 बजे पहली कॉल की गई। पूरी बेल जाने के बाद भी किसी ने फोन नहीं उठाया। 4:48 पर दूसरी, 4:51 मिनट पर तीसरी, 4:54 बजे पर चौथी और 4:57 बजे पर पांचवीं कॉल की गई। हर बार घंटी बजी लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
इस बारे में जब संबंधित जोन के कनिष्ठ अभियंता से बात की तो उन्होंने बताया कि सुबह 9 से शाम 5 बजे तक जोन आफिस में ड्यूटी रहती है। शनिवार शाम उन्हें जरूरी काम से हेड आफिस जाना पड़ा और लाइनमैन पानी खोलने गया था, इसलिए किसी ने फोन नहीं उठाया।
न्यू शिमला जोन- न्यू शिमला जोन के नंबर 0177-2670569 पर ‘अमर उजाला’ ने पहली कॉल 4:47 बजे की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। दूसरी कॉल 4:50 बजे, तीसरी कॉल 4:53 बजे, चौथी कॉल 4:56 बजे और पांचवीं काल 4:59 बजे पर की गई। जोन आफिस के नंबर पर लगातार बेल बजती रही लेकिन फोन नहीं उठा। फोन क्यों नहीं सुना जा रहा?
यह जानने के लिए जब न्यू शिमला जोन के कनिष्ठ अभियंता से बात की तो पता चला कि छोटा शिमला और न्यू शिमला दोनों जोन की व्यवस्था उन्हीं के जिम्मे है। उन्होंने बताया कि जोन आफिस में लाइनमैन की ड्यूटी सुबह पांच से दोपहर दो बजे तक रहती है। किसी को शिकायत करनी है तो वह सुबह के समय फोन करें।
कंट्रोल रूम, छोटा शिमला, कसुम्पटी और संजौली- नगर निगम के मालरोड स्थित कंट्रोल रूम, छोटा शिमला, कसुम्पटी और संजौली जोन आफिस में रियलिटी चेक के दौरान किए फोन तुरंत फोन उठा लिए गए। माल रोड कंट्रोल रूम में 0177-2658916 पर 4:45 बजे, छोटा शिमला जोन आफिस के फोन नंबर 0177-2623760 पर 4:48 बजे,
कसुम्पटी जोन आफिस के फोन नंबर 0177-2620913 पर 4:43 बजे और संजौली जोन आफिस के फोन नंबर 0177-2842131 पर 4:49 बजे पर फोन किया गया जिसे आफिस में तैनात कर्मियों ने अटेंड कर लिया।