मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी नौजवानों को सरकारी नौकरी नहीं दी सकती है। नौजवानों को रोजगार देने के लिए सरकार अन्य योजनाओं पर भी काम कर रही है। भेड़पालन भी आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार का साधन बन सकता है। युवाओं में भेड़पालन के कार्य को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार नई तकनीक और कई योजनाएं चला रही है। पालमपुर में प्रदेश स्तरीय भेड़पालक सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भेड़पालक का जीवन कठिन है। बावजूद इसके वे अपने परांगत व्यवसाय को चला रहे हैं।
भेड़पालकों को हर मदद करने के प्रयास किए जा रहे है। भेड़पालकों की मांगों पर बजट में कई प्रावधान किए जाएंगे। भेड़ बकरी चोरी मामलों में जरूरत पड़ी तो कानून को और सख्त कर दिया जाएगा। आज तक कांग्रेस ने भेड़पालकों के लिए कुछ नहीं किया है। विस अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, वन मंत्री राकेश पठानिया, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, विधायक रवि धीमान, मुल्खराज प्रेमी, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक दूलोराम, प्रवीण कुमार, संजय चौधरी और सुरेंद्र काकू मौजूद रहे।
मेरे दादा ने भी पाली थीं भेड़-बकरियां : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उनके घर में भी भेड़-बकरियां पाली जाती थीं। उनके दादा ने अपने अंतिम समय तक भेड़-बकरियां पाली थीं। उनके घर में दस से बारह भेड़-बकरियां होती थीं।