मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व वित्त मंत्री अरुण कुमार जेटली हिमाचल से बड़ा लगाव रखते थे। जब पार्टी को लगता था कि कोई मसला हल नहीं हो रहा है तो उस मामले को जेटली के पास ले जाया जाता था।
वह बड़े सरल स्वभाव से उसे समझाते थे। इसमें चाहे कोर्ट के मामले हों या फिर पार्टी से संबंधित मामले। सुप्रीम या हाईकोर्ट से जुड़ा कोई भी बड़ा मामला हो, सबसे पहले जेटली का नाम आगे आता था।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को पूर्व वित्त मंत्री स्व. अरुण जेटली के निधन पर विधानसभा में शोकोद्गार प्रस्ताव रखा। इसमें विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री से लेकर अन्य भाजपा नेताओं ने उनके कार्यों की सराहना की।
सीएम ने कहा कि वित्त मंत्री रहते हुए जेटली ने नोटबंदी, जीएसटी जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए। उनके निधन से भाजपा को ही नहीं बल्कि राष्ट्र को हानि हुई है।