माउंटेन गोट विंटर एक्सपीडिशन के 11वें सीजन के तहत करीब 200 पर्यटकों ने तीन दिनों तक स्पीति के विभिन्न पर्यटक स्थलों का भ्रमण किया। रैली ताबो, काजा, फलदर मैदान, रंगरिक, मुरंग, चिचिम ब्रिज, कीह, लांगचा आदि स्थलों से होती हुई गुजरी। गुरुवार को स्पीति से रामपुर के लिए एक्सपीडिशन को एडीसी राहुल जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि माउंटेन गोट विंटर एक्सपीडिशन इस साल 80 से अधिक गाड़ियों के साथ स्पीति पहुंचा।
विज्ञापन
स्पीति के पर्यटन को और मजबूत करने की दिशा में इस तरह के आयोजन बहुत मददगार साबित हो रहे हैं। पिछले कुछ सालों में विंटर टूरिज्म स्पीति में निखर रहा है। प्रदेश सरकार पर्यटन को विकसित करने के लिए आधारभूत ढांचा तैयार कर रही है। इस साल के बजट में काजा और चंद्रताल को टूरिज्म के हिसाब से और विकसित किया जाएगा। एडीसी राहुल जैन ने कहा कि स्पीति में एक साथ 200 से अधिक लोगों को ग्रुप आने से यहां के लोगों को रोजगार भी मिलता है। वहीं स्पीति के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा भी मिलता है।
माउंटेन गोट विंटर एक्सपीडिशन की शुरुआत 2015 में सूरज तायल और शाश्वत गुप्ता की जोड़ी ने की थी। जहां सूरज ने ऑकलैंड यूनिवर्सिटी, न्यूजीलैंड से पर्यटन प्रबंधन में विशेषज्ञता हासिल की है, वहीं शाश्वत ने कार्डिफ यूनिवर्सिटी, यूनाइटेड किंगडम से मार्केटिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है। रोमांच व खतरों से भरपूर इस प्रकार की मोटर रैली के लिए सभी प्रतिभागियों को बेहतर तैयारी करवाई गई।