कुल्लू। जिले में चार दिन से हो रही बर्फबारी से लोगों का जनजीवन भी जाम होने लगा है। मुख्य सड़कों के साथ ग्रामीण सड़कों के बंद होने से लोगों का आवागमन चुनौती भरा हो गया है। भारत सरकार के रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने कुल्लू सहित सूबे के पांच जिलों में हिमखंड की चेतावनी जारी की है। इसमें कुल्लू, चंबा, किन्नौर, शिमला व लाहौल-स्पीति जिले के 2700 मीटर की ऊंचाई वाले इलाके शामिल हैं। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों व आम लोगों को ऐसे क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। कुल्लू में मनाली-लेह मार्ग सोलंगनाला से अटल टनल के साउथ पोर्टल तक ठप है और यहां पर तीन से छह फुट तक बर्फ रिकाॅर्ड की गई है। इसके अलावा औट-बंजार-सैंज हाईवे तीन भी सभी तरह के वाहनों के लिए दो अवरूद्ध है। इसके अलावा बंजार में चार, कुल्लू में चार, मनाली में 13 तथा बाह्य सराज आनी-निरमंड में भी दो सड़कें बंद हैं। सड़कों के बंद होने से लोग कड़ाके की ठंड में मीलों दूर पैदल सफर करने को मजबूर हैं। कुल्लू में बिजली के चार ट्रांसफार्मर बंद होने की सूचना है। ऐसे में करीब आठ से दस गांवों में बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों की सर्दी में दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। बुधवार को कुल्लू में सुबह से समय दोपहर तक मौसम साफ रहा, मगर शाम को मौसम बदल गया और बर्फबारी के साथ बारिश का दौर जारी रहा। उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि मौसम खराब चल रहा है। ऐसे में लोग अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी तरह को जोखिम न उठाएं।