अरुणाचल में बेटे अमित कुमार की शहादत पर पिता मंगत राम ने कहा कि उनका बेटा देश के लिए काम आया है। सैनिक के पिता के चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था, लेकिन वह इतना ही बोल पाए कि बेटे ने देश के लिए शहादत दी है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में माता-पिता बेटे नायक अमित कुमार की शहादत पर गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्हें बेटे को खोने का गम भी है। आंखों से आंसू छलक रहे हैं। भटवाड़ गांव के जांबाज सैनिक के शहीद होने से माहौल गमगीन है। गांव में चूल्हे भी नहीं जले। गांव में आम दिनों की तरह चहल पहल नदारद रही। मां भावना देवी बोलीं कि उनकी आंखों में बेटे की मौत का गम भले ही रह-रह कर आंसुओं में झलक रहा है, लेकिन बेटे की शहादत से उनका सिर गर्व से ऊंचा उठा है।
विज्ञापन
बेटे के शहीद होने पर पिता ने क्षेत्रवासियों को संदेश दिया कि उनका दूसरा बेटा बलदेव कुमार भी भारतीय सेना में देश सेवा के लिए तैनात किया गया है। अरुणाचल में बेटे की शहादत पर पिता मंगत राम ने कहा कि उनका बेटा देश के लिए काम आया है। सैनिक के पिता के चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था, लेकिन वह इतना ही बोल पाए कि बेटे ने देश के लिए शहादत दी है। बुधवार को भी शहीद के परिवार को ढांढस बंधाने के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। बैजनाथ के विधायक मुल्खराज प्रेमी ने भी शहीद के परिवार को सांत्वना दी। इससे पहले स्थानीय विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर और मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज जम्वाल सहित सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने शहीद नायक अमित कुमार को श्रद्धांजलि दी।