हिमाचल के मंडी के पड्डल मैदान में 18 अक्तूबर को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में प्रदेश भर से सवा लाख लोगों के जुटने का अनुमान है। प्रदेश भाजपा ने मंडी जिला को सर्वाधिक 70 हजार लोगों को रैली में लाने का टारगेट रखा है।
मंडी से सटे बिलासपुर, हमीरपुर व कुल्लू जिला को भी 9 से 10 हजार लोगों को रैली में लाने का टारगेट दिया गया है। प्रदेश के मंडलों से दो व ढाई सौ के बीच लोगों को लाने की तैयारी है। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
लिहाजा, भाजपा के पक्ष में हवा बनाने के लिए यह रैली काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रैली की तैयारियों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा हिमाचल पहुंच गए हैं। भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा भी मंडी में रैली को लेकर बैठकें कर चुके हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि रैली में सवा लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल रैली को लेकर लगातार भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए हुए हैं।