हिमाचल में इस साल 25 या 26 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल में इस साल 25 या 26 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। पिछले साल की अपेक्षा इस बार प्रदेश में मानसून एक या दो दिन देरी से पहुंचेगा। लेकिन इस साल बीते वर्ष के मुकाबले प्रदेश में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग का दावा है कि सूबे में इस साल ठीक बारिश होगी। पिछले वर्ष हिमाचल में 24 जून को मानसून पहुंचा था। साल 2015 में राज्य में सामान्य से 27 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई थी। पूरे प्रदेश में 613 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
सामान्य तौर पर मानसून सीजन में 842 मिलीमीटर बारिश होती है। ऊना जिले में 31 प्रतिशत और शिमला जिले में तीन प्रतिशत अधिक बारिश रिकार्ड की गई थी। कांगड़ा जिला में सामान्य से नौ प्रतिशत कम बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डा. मनमोहन सिंह का कहना है कि इस साल 25-26 जून तक हिमाचल में मानसून पहुंचने की संभावना है। पिछले साल के मुकाबले इस बार ज्यादा बारिश होगी।
मैदानी क्षेत्रों में चलेगी लू, बढ़ेगी गर्मी
मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर में इस हफ्ते लू चलने की आशंका है।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर में इस हफ्ते लू चलने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार 21 मई तक तापमान और बढ़ेगा। कई क्षेत्रों में लू का सामना करना पड़ेगा। सोमवार को ऊना में सर्वाधिक 42 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया।
इसके अलावा शिमला में 28.3, सुंदरनगर में 36.8, भुंतर में 34.6, धर्मशाला में 31.8, नाहन में 36.6, सोलन में 32.5, मंडी में 33.1, हमीरपुर एवं बिलासपुर में 38.3, कांगड़ा में 34.4 और कल्पा में 23 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
प्रदेश में 22 से बदलेगा मौसम का मिजाज
प्रदेश के कई क्षेत्रों में 22 मई को बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर, लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में 22 मई को बारिश हो सकती है। 21 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।