वहीं, सांगला-छितकुल मार्ग दस घंटे के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। भारी बारिश के चलते मार्ग पर शुक्रवार देर रात मस्तरंग नाले में जलस्तर बढ़ गया, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की 150 मीटर सड़क को भी क्षति पहुंची है। यातायात ठप होने से छितकुल के ग्रामीणों का जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और शिमला से संपर्क कट गया था।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया। छितकुल पंचायत के प्रधान छितकुल सुभाष नेगी, उपप्रधान राजेश नेगी और धर्मेंद्र नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोनिवि एसडीओ सांगला राकेश नेगी ने कहा कि सुबह 11:00 बजे मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया। इसके बाद दिनभर वाहनों की आवाजाही सुचारु रुप से चलती रही।