न्यायालय के आदेशों के बावजूद राजधानी शिमला में कुछ प्राइवेट बस आपरेटरों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग रहा। लोकल रूटों पर चल रही बसों में जमकर ओवर लोडिंग से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों को टिकटें नहीं दी जा रही, ड्राइवर और कंडक्टर वर्दी पहने को तैयार नहीं। विशेष श्रेणी यात्रियों को सीटें नहीं मिल रहीं। लेडिज सीटों पर पुरुष बैठ रहे हैं, परिचालक उन्हें नहीं उठाते।
ऊंची आवाज में कानफाड़ू म्यूजिक भी बसों में खूब बज रहा है। इतना ही नहीं वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं से कुछ लोग दुर्व्यवहार भी कर रहे हैं। शहर में प्राइवेट बसें नियमों को ताक पर रखकर दौड़ाई जा रही हैं। बावजूद इसके परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन बस ऑपरेटरों पर शिकंजा कसने में विफल साबित हो रहा है।
परेशानी है तो उतर जाओ
मंगलवार
दोपहर करीब दो बजे लोकल बस स्टैंड से मैहली जा रही एक प्राइवेट बस में
जबरन भारी ओवरलोडिंग की गई थी। सवारियों ने बस में और सवारियां न चढ़ाने को
कहा तो ड्राइवर दुर्व्यवहार पर उतर आया। ड्राइवर का कहना था कि ओवरलोडिंग
से ज्यादा परेशानी है तो बस से बाहर उतर जाओ।
जाम से बसों में ओवरलोडिंग हो रही है। बसों का टाइम टेबल न होना भी
ओवरलोडिंग की मुख्य वजह है। ड्राइवर कंडक्टरों को वर्दी पहनने, हर सवारी को
टिकट देने, म्यूजिक न बजाने और विशेष श्रेणी यात्रियों को सीटें उपलब्ध
करवाने के निर्देश दिए गए हैं। - अमित चड्ढा, महासचिव प्राइवेट बस ऑपरेटर यूनियन
शिकायत करें, तुरंत होगी कार्रवाई : देष्टा
बसों में ड्राइवर और कंडक्टर यदि मनमानी करते हैं तो तुरंत इसकी शिकायत करें। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -प्रशांत देष्टा, आरटीओ शिमला
बख्शे नहीं जाएंगे नियम तोड़ने वाले : दिनेश
शहर
में समय-समय पर बसों का निरीक्षण होता है। ओवरलोडिंग करने वालों के चालान
किए हैं। नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।- दिनेश शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक
यात्री यहां करें शिकायतें
प्राइवेट बस ऑपरेटरों की मनमानी से अगर आप भी परेशान हैं तो अब कोसना छोड़िए और कह डालिए। इन नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम - 2651850
आरटीओ आफिस शिमला - 2658379
परिवहन विभाग शिकायत सेवा - 94180-00529
एसएमएस शिकायत सेवा- 94591-00100