कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में अपना नारा बदलती है। भाजपा केवल भेदभाव और आपस में लड़वाने की ही बात करती है। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं समेत हर समुदाय को मान सम्मान दिया है। सलानी में आयोजित भारत जोड़ो सद्भावना सम्मेलन के दौरान प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने काम किया है। इसी के बूते जनता के बीच जाकर वोट मांगेंगे।
अब वह समय आ गया है, जब जनता ने यह तय करना है कि उन्हें प्रदेश में कैसी सरकार चाहिए। जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों को भी देख चुकी है और वर्तमान भाजपा सरकार को भी। कांग्रेस ने जिस तरह उपचुनाव में चारों सीटें जीती हैं, उसी तरह विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर अपनी सरकार बनाएगी। प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब शिमला आए थे तो उन्होंने सिरमौर की एक महिला से बात की। पूछा कि क्या आपको आवास योजना का लाभ मिला।
इस पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह आवास योजनाएं कांग्रेस सरकार के समय से ही इंदिरा आवास योजना व राजीव आवास योजना के नाम से चल रही थीं। भाजपा ने केवल इनका नाम बदला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोगों के बीच जाकर जो भी विकास कार्य सरकार के गिनवा रहे हैं, वह सब पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के कार्यकाल के हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ वर्ष पहले कहा था कि वह दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे लेकिन उन्होंने आज तक 16,000 लोगों को भी रोजगार नहीं दिया। गैस सिलिंडर जो उनके समय में 550 रुपये का था, आज वह 1150 रुपये पहुंच गया है। महंगाई से लोग बुरी तरह त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत वीरभद्र सिंह ने सिरमौर के विकास में अपना योगदान दिया है।
स्कूल, कॉलेज, सड़कें और अस्पताल जो भी जनता ने मांगा, उन्हें मिला। नाहन, चंबा और हमीरपुर का मेडिकल कॉलेज कांग्रेस की ही देन है। रोहतांग टनल का सपना इंदिरा गांधी ने देखा था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 1355 करोड़ की पहली किस्त जारी की थी। इसका शिलान्यास कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया था, जिसे अब भाजपा ने अटल का नाम दिया है।