प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और डलहौजी से विधायक आशा कुमारी ने कश्मीर पर बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो को फर्जी करार देते हुए सचेत रहने के लिए शेयर किया, लेकिन चंद ही घंटों में इस पोस्ट को गलत तरीके से ट्रोल कर दिया। इस पर कई कमेंट किए गए। मामला गरमाने के बाद विधायक ने ट्रोल करने वाले शिमला के दो लोगों पर एफआईआर दर्ज कराने की बात की है।
आशा कुमारी ने कहा कि यह वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया में इस आशंका के साथ डाला है कि यह फर्जी वीडियो है। यह वीडियो भले ही कश्मीर के नाम पर डाला गया है, लेकिन यह वहां का नहीं है और देखकर फर्जी लगता है। यह वीडियो जिस आईडी से पोस्ट किया गया है, वह भी फर्जी है। इस दिशा में सरकार और पुलिस कड़ी कार्रवाई करे।
विधायक आशा कुमारी कहती हैं कि यह वीडियो शेयर करने के बाद ट्रोल कर दिया गया। उनका कहना है कि भाजपा नेताओं ने एक ऐसा आईटी सेल सक्रिय कर रखा है, जो उनकी सोशल मीडिया में डाली किसी भी पोस्ट को ट्रोल कर देते हैं। आशा का कहना है कि फर्जी आईडी से पोस्ट डालने पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि देश का अहित न हो।