फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: संजौली के ढिंगूधार में शरारती तत्वों का उत्पात, 30 गाड़ियों से तोड़फोड़; पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग

Thu, 21 Aug 2025 11:03 AM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली और ढींगूधार में शरारती तत्वों की ओर से सड़क और पार्किंग में खड़ी 30 गाड़ियों के शीशे तोड़े हैं।
विज्ञापन
संजौली और ढींगूधार में शरारती तत्वों ने तोड़े 20 से अधिक गाड़ियों के शीशे - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संजौली के ढिंगूधार क्षेत्र में शरारती तत्वों ने देररात खूब उत्पात मचाया और ढाई दर्जनों गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। इससे वाहन मालिकों को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना से लोग सहमे हुए हैं। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हैरानी इस बात की है कि शरारती तत्वों ने ढिंगूधार के मिलिट्री गेट से लेकर हिमगिरि काॅलोनी इंद्रनगर रोड ढली तक करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में पार्किंग और सड़कों के किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। इसमें कई गाड़ियों के तीन-तीन शीशे तोड़ दिए हैं। इससे वाहन मालिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। यह क्षेत्र संजौली और ढली पुलिस स्टेशन के तहत आता है। दोनों थानों की पुलिस ने इस संबंध में केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रात 12:30 से 1:30 बजे तक इस वारदात को अंजाम दिया है। सुबह पांच बजे के करीब जब लोग सुबह की सैर के लिए निकले तो उन्होंने देखा कि चारों ओर गाड़ियों के शीशे टूटे हुए हैं। इसके बाद आस पड़ोस के लोगों को इसकी सूचना दी गई। मामले की पड़ताल करने पर पता चला कि शरारती तत्वों ने मिलिट्री गेट से हिमगिरि काॅलोनी तक 30 गाड़ियों को निशाना बनाया गया है। मामले की सूचना मिलते ही वाहन मालिक मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना संजौली और ढली पुलिस स्टेशन को दी गई। पुलिस की मौजूदगी में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं। पुलिस ने दोनों युवक की तलाश शुरू कर दी है और पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। इस घटना पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि एक किलोमीटर के क्षेत्र में शरारती तत्वों ने दर्जनों गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। सवाल किया कि पुलिस की रात को गश्त देने वाला दल कहां था। संजौली और ढली पुलिस स्टेशन ने केस दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि ढली क्षेत्र में सड़क पर जगह-जगह खून भी गिरा है। पुलिस का मानना है कि गाड़ियों के शीशे तोड़ते समय चोटिल होने से आरोपी घायल हुए हैं, जिस वजह से यह खून कई जगहों पर गिरा है।

पुलिस गश्त बढ़ाए, लोगों में है खौफ
दर्जनों गाड़ियों के शीशे तोड़ने से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। हमारी गाड़ी के तीन शीशे तोड़े गए हैं। इससे करीब दस हजार रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। हमारी पुलिस से मांग है कि क्षेत्र में नियमित गश्त की जाए, जिससे दोबारा ऐसी घटनाएं न हो। -अविनाश निवासी ढिंगूधार

क्षेत्र में बन गए हैं नशेड़ियों के अड्डे
ढिंगूधार क्षेत्र में रात के समय शरारती तत्वों ने 30 गाड़ियों को निशाना बनाते हुए शीशे तोड़ डाले हैं। घनी आबादी के इस क्षेत्र में ऐसी घटना से पुलिस को सतर्क होने की जरूरत है। इस घटना से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे। -संजय खन्ना निवासी ढिंगूधार

सख्त कार्रवाई करे पुलिस, दोबारा न हो ऐसी घटना
क्षेत्र में इस तरह की घटना से लोग सहमे हुए हैं। पुलिस को ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त करने की जरूरत है। इस घटना से वाहन मालिकों को काफी नुकसान हुआ है। आरोपियों को जल्द पकड़कर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। -गौरव, निवासी ढिंगूधार
विज्ञापन

आधी रात को शरारती तत्वों ने दर्जनों वाहनों को पहुंचाया नुकसान
ढिंगूधार से हिमगिरि काॅलोनी तक शरारती तत्वों ने दर्जनों वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। पुलिस प्रशासन से मांग है कि रिहायशी क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं। क्षेत्र में गश्त होती तो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था। -केशव चौहान, निवासी ढिंगूधार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें