भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सचिव अनिल स्वरूप
- फोटो : अमर उजाला
भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सचिव अनिल स्वरूप ने कहा कि शिक्षा विभाग में 90 फीसदी अफसर और कर्मचारी तबादलों के काम में व्यस्त रहते हैं। इस एक कार्य के कारण देश के सभी राज्यों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वीरवार को पीटरहॉफ शिमला में शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिल स्वरूप ने हिमाचल सरकार से ट्रांसफर रैकेट खत्म करने के लिए ट्रांसफर पॉलिसी बदलने को कहा।
सुझाव दिया कि अन्य राज्यों की तर्ज पर हिमाचल को भी स्कूल वाइज रिक्तियां और नियुक्तियां करनी चाहिए। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रिक्त पद समय से भरेंगे। तबादले को लेकर भी काम कम होगा। कहा कि टीचर ट्रांसफर एक रैकेट है। कई राज्यों ने नया फार्मूला अपनाकर अपनी समस्याओं को दूर किया है। कहा कि सरकार को इसके लिए शिक्षकों के कैडर को खत्म करना होगा। वेकेंसी स्कूल वाइज और नियुक्ति स्कूल वाइज करने से कई समस्याएं अपने आप समाप्त हो जाएंगी। शिक्षा सचिव अनिल स्वरूप हिमाचल के दौरे पर आए हैं।