शहरी विकास मंत्री ने किए शिलान्यास
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत खर्च होगा पैसा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के इंजनघर वार्ड के युवाओं को जल्द ही मिनी स्टेडियम की सुविधा मिलने वाली है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत करीब दो करोड़ रुपये की लागत से एसपीएम मैदान को मिनी स्टेडियम में बदला जाएगा। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मंगलवार को इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
एसपीएम मैदान नगर निगम की संपत्ति है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यहां बैडमिंटन कोर्ट बनाया जाएगा। क्रिकेट के लिए एक पिच भी तैयार होगी। दर्शकों के बैठने के लिए भी सुविधा दी जाएगी। खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय आदि की भी व्यवस्था रहेगी। मैदान को चारों ओर से जालियों से बंद किया जाएगा। इसे मिनी स्टेडियम की लुक दी जाएगी। स्थानीय पार्षद आरती चौहान ने बताया कि पहले नगर निगम से 50 लाख रुपये की लागत से मैदान का विस्तार किया है।
सड़क से भी इसे जोड़ दिया है। मंत्री ने कहा कि संजौली क्षेत्र में एसपीएम मैदान में खेल सुविधाएं मिलने से युवा खेलों की ओर प्रोत्साहित होंगे। इस दौरान नगर निगम महापौर सत्या कौंडल उपमहापौर शैलेंद्र चौहान भी मौजूद रहे। मंत्री ने नाभा में स्मार्ट सिटी मिशन से बनने वाले टेनिस कोर्ट प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया। 2.80 करोड़ की लागत से बनने वाले इस टेनिस कोर्ट के नीचे 30 से 40 गाड़ियों के लिए पार्किंग सुविधा भी दी जाएगी। स्थानीय पार्षद सिमी नंदा भी इस दौरान मौजूद रही।
कसुम्पटी क्षेत्र में बनेगी पार्किंग
शहर के छोटा शिमला वार्ड के कसुम्पटी क्षेत्र में स्मार्ट सिटी मिशन से बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण करेगा। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मंगलवार को इस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी। पार्किंग की निचली मंजिलों में निगम के कर्मचारियों के लिए आवास तैयार होंगे। पार्षद विदुषी शर्मा ने बताया कि जल्द इस पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।