अगर आप माल रोड, रिज मैदान पर घूमने के लिए आए हैं और मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो गई है तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं।
नगर निगम ने माल रोड और रिज मैदान पर लकड़ी के नए बेंच लगाना शुरू कर दिए हैं। बेंचों की विशेषता है कि यहां बैठकर धूप सेंकने और सुस्ताने के साथ-साथ आप मोबाइल फोन, लैपटॉप भी चार्ज कर सकेंगे।
माल रोड पर नगर निगम दफ्तर के बाहर छह बेंच लगा भी दिए गए हैं। रिज मैदान पर भी बेंच लगाए जाएंगे। कुल 14 लकड़ी के नए बेंच लगेंगे। बेंच लगने का काम पूरा होने के बाद बेंचों में इलेक्ट्रिक प्वाइंट लगाए जाएंगे।
अगले सप्ताह तक आप माल रोड पर बैठकर अपना मोबाइल फोन चार्ज कर सकेंगे। शहर में शुरू होने वाली यह अपनी तरह की पहली योजना है।
बेकार पड़ी लकड़ी को किया इस्तेमाल
माल रोड और रिज मैदान पर लगाए जा रहे नए बेंच लकड़ी से बनाए गए हैं। बेंच बनाने में प्रयोग की गई लकड़ी नगर निगम के स्टोर में बेकार पड़ी थी।
इस लकड़ी का सदुपयोग करते हुए निगम ने लोगों को नई सुविधा दी है। नगर निगम के सहायक आयुक्त नरेश ठाकुर का कहना है कि शहरवासियों और सैलानियों की सुविधा के लिए नए बेंच लगाए गए हैं।
इन बेंचों में जल्द ही इलेक्ट्रिक प्वाइंट लगाए जाएंगे। इन इलेक्ट्रिक प्वाइंटों पर लोग मोबाइल फोन और लैपटॉप को चार्ज कर सकेंगे।
चकाचक हुए सभी चेतावनी बोर्ड
माल रोड पर गंदगी न फैलाने को लेकर लगाए गए सभी चेतावनी बोर्ड भी नगर निगम ने चकाचक कर दिए हैं।
पर्यटक सीजन को देखते हुए सभी चेतावनी बोर्डों पर दोबारा से रंग किया गया है। चेतावनी बोर्डों में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने और गंदगी न फैलाने की अपील की गई है।
अनदेखी करने वालों के खिलाफ जुर्माना किया जाएगा। निगम का कहना है कि इस बार टूरिस्ट सीजन के लिए शहर को पहले से ज्यादा खूबसूरत बनाया जाएगा।