शिमला। घरों से रोज कूड़ा उठ रहा है या नहीं, रास्तों और सड़कों की नियमित सफाई हुई या नहीं, इन सबका पता करने के लिए नगर निगम प्रशासन अब खुद शहर की जनता से संपर्क करेगा।
राजधानी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन एक कॉल सेंटर स्थापित करने जा रहा है। इसमें तैनात होने वाले कर्मचारी रोज शहरवासियों को फोन कर सफाई व्यवस्था का हाल जानेंगे। इस योजना को लेकर वीरवार को नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें हीलिंग हिमालय संस्था के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। निगम प्रशासन के अनुसार स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर भी कॉल सेंटर के जरिये लोगों को जागरूक किया जाएगा। सेंटर में तैनात कर्मचारी हर वार्ड के लोगों को फोन कर सफाई के बारे में पूूछेंगे। लोगों को बताया जाएगा कि सफाई न होने की स्थिति में वे स्वच्छता ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। इस ऐप पर शिकायत करते ही 24 घंटे में सफाई कर दी जाएगी। इसके अलावा लोगों को गीला सूखा कचरा अलग रखने, सर्वेक्षण के दौरान नगर निगम की मदद करने, शहर को साफ सुथरा रखने के लिए अपने सुुझाव देने को लेकर भी जागरूक किया जाएगा।