अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिमला विवेक शर्मा की अदालत ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला,
विज्ञापन
मां के साथ नानी के घर गई थी सात साल की मासूम
पीड़िता को 4 लाख का मुआवजा दिलाने के भी आदेश संवाद न्यूज़ एजेंसी शिमला। राजधानी में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक खौफनाक वारदात में अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट रेप/पॉक्सो) शिमला विवेक शर्मा की अदालत ने सात साल की मासूम भांजी के साथ दुष्कर्म करने वाले कलयुगी मामा को दोषी करार देते हुए 25 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
दोषी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है और पीड़िता को चार लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा देने के आदेश भी दिए हैं। अभियोजन पक्ष के अनुसार पीड़िता अपनी मां के साथ शिमला में किराये के कमरे से हर रविवार को अपने ननिहाल जाया करती थी। एक दिसंबर 2024 को भी पीड़िता अपने ननिहाल गई थी जहां दोपहर के समय वह पड़ोस में रहने वाले अपने मामा के घर खेलने चली गई थी। इस दौरान दोषी ने घर में अकेला पाकर मासूम के साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब मासूम वापस लौटी तो उसका चेहरा लाल था और वह बेहद घबराई हुई थी। पूछने पर पीड़िता ने शुरुआत में कुछ नहीं बताया लेकिन रात को सोते समय जब मां ने प्यार से दोबारा पूछा तो बच्ची सहम गई। बच्ची ने रोते हुए बताया कि मामा ने उसके साथ गंदा काम किया है। दोषी ने मासूम को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
विज्ञापन
महिला पुलिस थाना शिमला में 5 दिसंबर 2024 को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी थी कि रिपोर्ट पांच दिन की देरी से दर्ज करवाई है जोकि संदिग्ध है। अदालत ने इस दलील को खारिज करते हुए कहा कि बाल यौन शोषण और करीबी रिश्तेदारों से जुड़े मामलों में परिवार का तुरंत पुलिस के पास न जाना, सदमे और सामाजिक संकोच के कारण स्वाभाविक है।
कोई भी मां बच्ची के भविष्य नहीं लगाएगी दांव पर
दोषी मामा ने खुद को बेकसूर बताते हुए कोर्ट में दलील दी थी कि उसे जमीन और वसीयत के पुराने पारिवारिक विवाद के कारण झूठा फंसाया है। अदालत ने पाया कि इंतकाल 2018 में हुआ था जबकि घटना 2024 की है। कोर्ट ने साफ कहा कि कोई भी मां अपने सात साल की बच्ची के भविष्य और सम्मान को दांव पर लगाकर संपत्ति का विवाद नहीं सुलझाएगी। इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने आरोपी मामला को दोषी मानते हुए 25 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है।