इससे पहले सोमवार सुबह करीब नौ बजे सेना की टुकड़ी योल से अक्षय की पार्थिव देह को लेकर उनके पैतृक निवास बाघनी पहुंची। सूचना मिलने के बाद ही सिद्धबाड़ी से लेकर बाघनी तक के लोग सड़क किनारे पहुंच गए थे। अक्षय की पार्थिव देह को लेकर जैसे ही सैन्य वाहन पहुंचा तो लोगों ने जवान की पार्थिव देह पर नम आंखों से फूल बरसाए और भारत माता की जय के नारे लगाते हुए वाहन के साथ-साथ चले। पत्नी अपने पति के चेहरे को देख कर बार-बार उसे इस हालत में छोड़ने को लेकर सवाल करती रही।
जवान के पिता भी अपने बेटे की पार्थिव देह को देखकर बिलकुल टूट गए, जिन्हें रिश्तेदार संभालते हुए लाए। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ अक्षय की पार्थिव देह को मोक्षधाम तक ले जाया गया। इस दौरान डोगरा रेजिमेंट की टुकड़ी ने सलामी दी और सैन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व मेयर एवं पार्षद देवेंद्र जग्गी, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, एसडीएम धर्मशाला संजीव भोट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जवान को उनके बड़े भाई लक्की कपूर ने मुखाग्नि दी।
गौरतलब है कि अरुणाचल में डयूटी के दौरान अक्षय को चक्कर आया था। उनके साथी उपचार के सैनिक अस्पताल में ले गए थे। उपचार के दौरान अक्षय को हार्ट अटैक आया था, जिससे उनका निधन हो गया था। दो माह पूर्व ही अक्षय का विवाह हुआ था। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।