क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए शिमला तैयार है। सैलानियों के मनोरंजन के लिए होटलों में खास बंदोबस्त किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां कर ली हैं। क्रिसमस सेलीब्रेशन के लिए शहर के होटलों में पार्टियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन
इसके अलावा होटलों में महमानों के लिए खास व्यंजन तैयार किए जाएंगे। शिमला के प्रतिष्ठित होटल हाली डे होम और पीटरहाफ में क्रिसमस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। यहां महमानों को लजीज व्यंजन परोसने का भी विशेष इंतजाम किया गया है।
प्रबंधन की ओर से क्रिसमस के लिए स्पेशल मेन्यू तैयार किया है। शहर के निजी होटलों में भी क्रिसमस के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटलों में क्रिसमस के मौके पर डीजे म्यूजिक नाइट का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन
शिमला के होटल हुए पैक
अतिथियों के लिए डायन एंड डांस प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। बेस्ट डांस करने वाले जोड़ों को पुरस्कृत किया जाएगा। क्रिसमस पर रिट्स डिस्कोथेक में डांस कंपीटीशन आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डीजे रमन की प्रस्तुति रहेगी। क्रिसमस के मौके पर रिट्स डिस्कोथेक में मेहमानों को सरप्राइज गिफ्ट भी दिए जाऐंगे।
होटलों में 75 फीसदी पहुंची आक्यूपैंसी क्रिसमस मनाने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी हिल्सक्वीन पहुंच गए हैं। शहर के होटलों में आक्यूपैंसी बढ़कर 75 फीसदी तक पहुंच गई है। होटलों में कमरों की आनलाइन बुकिंग में इजाफा हुआ है।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने कहा कि क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर शहर के होटल कारोबारियों और ट्रेवल एजेंटों ने विशेष पैकेज जारी किए हैं, जिसके बाद आनलाइन बुकिंग में भी तेजी आई है। क्रिसमस से न्यू ईयर तक शहर के होटलों में आक्यूपैसी सौ फीसदी रहने की उम्मीद है।
सजा क्राइस्ट चर्च, गूंजने लगे कैरोल
क्रिसमस के लिए राजधानी शिमला के चर्च सज गए हैं। ऐतिहासिक क्राइस्ट चर्च को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहने वाले क्राइस्ट चर्च की रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की गई है। क्रिसमस से पहले हिल्सक्वीन में चर्च के साथ घरों में कैरोल सिंगिग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
क्राइस्ट चर्च के फादर मुश्ताक ए मलक ने बताया कि शहर में हाउस कैरल सिंगिंग कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। हाउस कैरल के दौरान प्रत्येक दिन शाम को छह बजे शहर में अलग अलग स्थानों पर प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं। रविवार को क्राइस्ट चर्च में संडे सर्विस कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्रिसमस से एक दिन पहले 24 दिसंबर को क्राइस्ट चर्च में मिड नाइट सर्विस आयोजित होगी।
25 दिसंबर को पूरे दिन क्रिसमस सेलिब्रेशन होगा। शहर के गिरजाघरों में चरनियों (प्रभु यीशु की झांकी) की सजावट की जा रही है। इनमें मरियम, प्रभु यीशु, गडरिये और स्वर्ग से आए दूत दिखाए गए हैं। रिज मैदान स्थित क्राइस्ट चर्च में रखी गई चरनी स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सजावट के सामान की अधिक डिमांड
क्रिसमस से पहले बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लोग क्रिसमस पर तोहफे देने और सजावट के लिए क्रिसमस ट्री सहित स्टार, बेल, सांता ड्रेस सहित अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। क्रिसमस को लेकर डेकोरेशन सामग्री की डिमांड अधिक है।
सांता की ड्रेस और मुखौटे भी खूब बिक रहे हैं। क्रिसमस पर सांता की टोपी की बिक्री बढ़ी है। इसके अलावा सजावट का सामान भी खूब बिक रहा है। राजधानी में बेकरी की दुकानों में क्रिसमस के लिए विभिन्न प्रकार के केक तैयार किए गए हैं। प्लम केक, स्ट्रॉबेरी, ब्लैक बेरी, ब्लैक फोरेस्ट, चाकलेट और सेंटा पेस्ट्री की खूब डिमांड हैं।
सांता की ड्रेस----------------300 से 800 रुपये क्रिसमस ट्री------------------20 से 500 रुपये बेल्स-------------------------20 से 300 रुपये डेकोरेशन लाइट--------------50 से 500 रुपये स्टार------------------------10 से 50 रुपये क्राउन-----------------------50 से 200 रुपये सांता फेस-------------------25 से 50 रुपये