लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस अपना कुनबा मजबूत करने में जुट गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को रोहड़ू से मनजीत सिंह ठाकुर की कांग्रेस और फतेहपुर से धैर्य सुशांत की भाजपा में वापसी हुई। वर्ष 2019 में मनजीत सिंह ठाकुर कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे। धैर्य कांगड़ा संसदीय सीट से पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत के पुत्र हैं। डॉ. सुशांत भी लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहे हैं।
जिला कांगड़ा के नगरोटा में भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में प्रदेश चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा की अध्यक्षता में धैर्य को पार्टी में शामिल कराया गया। धैर्य के पिता डॉ. राजन सुशांत 2009 में कांगड़ा संसदीय सीट से भाजपा सांसद थे। इसके बाद इन्होंने आम आदमी पार्टी को बतौर निर्दलीय उम्मीदवार कांगड़ा संसदीय सीट व 2022 में फतेहपुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था। बीते एक साल से राजन सुशांत राजनीति में सक्रिय नहीं हैं।
संभावना जताई जा रही है कि डॉ. राजन की भी जल्द ही घर वापसी होगी। उधर, भाजपा नेता मनजीत सिंह ठाकुर ने अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार शाम को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी में ओकओवर शिमला में कांग्रेस में वापसी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनजीत की घर वापसी से पार्टी को मजबूती मिलेगी। वर्ष 2019 में मनजीत भाजपा में शामिल हो गए थे। मनजीत ने वर्ष 2009 में कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिह्न पर रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था।