मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्रियों प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार के बीच हिमाचल विधानसभा उपचुनाव पर खींचतान के बीच हिमाचल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे मैदान में उतर गए हैं। उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों की तलाश के लिए उन्होंने खुद मोर्चा संभाल लिया है।
पांडे ने शनिवार को शिमला पहुंचकर यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की दो बार बैठकें लीं। इनमें संगठनात्मक चुनाव के अलावा उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
रविवार को उन्होंने पच्छाद मंडल भाजपा पदाधिकारियों को शिमला बुलाया है और शाम को धर्मशाला पहुंचकर वहां पार्टी पदाधिकारियों से बैठक करेंगे। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में ही उपचुनाव होने हैं।
गौर हो कि मंगलवार को जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को धर्मशाला से भाजपा प्रत्याशी बनाने के मीडिया के सवाल पर इसे सोशल मीडिया की उपज बताया था।
इसके बाद अगले ही बुधवार को धूमल ने हमीरपुर में मंत्रियों-विधायकों का यात्रा भत्ता बढ़ाने पर कहा था कि सरकार को आर्थिक मंदी के दौर में ऐसे फैसले लेने से परहेज करना चाहिए।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी ट्वीट किया कि वह 12 सितंबर को 86वें साल में प्रवेश कर रहे हैं और सक्रिय राजनीति छोड़कर विवेकानंद ट्रस्ट और आत्मकथा लिखने को समय देंगे। यह भी स्पष्ट कर दिया कि उपचुनाव में वह नाममात्र भूमिका निभाएंगे।
इसके बाद शनिवार को मंगल पांडे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शिमला पहुंच गए। यहां पीटरहॉफ में पहले उन्होंने संगठनात्मक चुनाव पर चर्चा की और उसके बाद विधानसभा उपचुनाव पर पार्टी नेताओं से मंथन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष सतपाल सत्ती आदि मौजूद रहे।