भरमौर-पठानकोट हाईवे पर तुन्नूहट्टी के समीप डगोह में बाइक और ट्रक की भिड़ंत में बाइक सवार की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया है। यह हादसा रविवार सुबह के समय पेश आया।
हादसे में मृतक की पहचान सौरभ कुमार (20) पुत्र बचन लाल निवासी गांव घरोटा जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई। जबकि घायल युवक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र जीत कुमार गांव लमीनी पठानकोट के तौर पर हुई है।
वह बाइक चला रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक चालक की धरपकड़ शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचा दिया है। यहां पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सौरभ और मुकेश कुमार मणिमहेश यात्रा से वापिस आ रहे थे। रविवार को भरमौर से आते हुए उन्होंने रात्रि ठहराव चंबा में किया। सुबह छह बजे वे घर की ओर जिला मुख्यालय से रवाना हुए। लेकिन डगोह नामक स्थान पर ट्रक से उनकी भिड़ंत हो गई।
इसमें बाइक सवार सौरभ की मौत हो गई। जबकि बाइक चालक मुकेश को गंभीर चोटें आई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौका देखकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई पूरी की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि चालक की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम रवाना हो गई है। ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।