हिमाचल के मंडी शहर के महामृत्युंजय मंदिर के समीप वीरवार आधी रात खोखानुमा दुकानों में लगी भीषण आग एक 26 वर्षीय युवक जिंदा जल गया है। आग की इस घटना में चार दुकानें जल कर राख हो गई हैं। जिससे 10 लाख से अधिक की संपत्ति स्वाह हो गई है। आग इतनी भयंकर थी कि दुकान के अंदर सो रहे युवक पूरी तरह से जल चुका था।
जिससे शव की पहचान करना भी मुश्किल हो गया। आग लगने के बीस मिनट बाद फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची। जिससे दुकानों से सटे होटलों व अन्य दुकानों को आग से बचाया जा सका। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार रात साढ़े बारह बजे के करीब दुकान से सटे होटल मालिक और स्थानीय लोगों ने खोखानुमा दुकानों से आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तुरंत पुलिस को इस बारे में सूचित किया।
फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। एक बजे के करीब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। लेकिन, दुकान के अंदर सोए युवक की जान नहीं बच सकी।