फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: मल्लिकार्जुन खरगे बोले- हिंदुस्तान की सीमा पर कब्जा कर रहा चीन, घर बनाए जा रहे, मोदी बैठे हैं चुप

Sat, 25 May 2024 06:55 PM IST
Krishan Singh न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला/रोहड़ू

सार

कांग्रेस के चुनाव प्रचार को धार देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को रोहड़ू के रामलीला मैदान में जनसभा की।
विज्ञापन
रोहड़ू में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चीन-हिंदुस्तान की सीमा पर कब्जा कर रहा है। घर और मकान बनाए जा रहे हैं। मोदी चुप बैठे हैं। उनकी 56 इंच की छाती सिर्फ दिखाने के लिए है। उन्होंने तो नहीं देखा, मगर कोई मशहूर टेलर है तो देखो कि उनकी 56 इंच की छाती है कि नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री तो जवाहर लाल नेहरू की तरह होता है, जो सबको समानता से देखते थे। इंदिरा गांधी की तरह होता है, जिन्होंने पाकिस्तान के दो हिस्से किए। पाकिस्तान से बांग्लादेश को आजादी दिलाई। इन्होंने तो पहाड़ खोदकर चूहा निकाला। खरगे ने शनिवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के रोहडू में कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के लिए जनसभा संबोधित की। खरगे ने कहा कि देश में भाजपा भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के नाम पर सत्ता में आई है। जनता को गुमराह कर भाजपा ने जनाधार लिया और बाद में काले धन वालों से हाथ मिलाया।

विज्ञापन


कर्नाटक, मध्य प्रदेश व गोवा में जनाधार वाली स्थिर सरकार को अस्थिर किया, लेकिन हिमाचल प्रदेश में उनका यह प्रयास नाकाम रहा है। हिमाचल में उनको इसका करारा जवाब भी मिला है और यहां लोग हिमालय की तरह अडिग रहे। भाजपा भ्रष्ट लोगों को अपने साथ जोड़ रही है। राजनीतिक विरोधियों को ईडी, सीबीआई से तंग करवाया जा रहा है। देश में मोदी की तानाशाही बढ़ रही है, जिससे लोकतंत्र खतरे में है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पूरे देश में जीएसटी मुक्त खेती होगी। कृषि उपकरणों, खादों-दवाइयों पर टैक्स खत्म किया जाएगा। फसल बीमा का तीस दिन में भुगतान होगा। किसानों का कर्ज माफ होगा। देश के भाजपा शासित प्रदेशों में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। इसके खिलाफ कड़ा कानून बनाया जाएगा।

खरगे ने कहा कि देश के लोग भाजपा से दस साल के कार्यकाल का हिसाब मांग रहे हैं। भाजपा का जनाधार खत्म हो चुका है। मोदी सरकार ने जन भावनाओं से खिलवाड़ किया है। इसलिए इस बार केंद्र में कांग्रेस का आना तय है। उन्होंने जनसभा में शिमला संसदीय सीट से विनोद सुल्तानपुरी, मंडी से विक्रमादित्य सिंह, कांगड़ा से आनंद शर्मा, हमीरपुर से सतपाल रायजादा के पक्ष में वोट की अपील की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी संबोधित किया। शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बागवानों की समस्याओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखा। खरगे ने कहा कि हिमाचल पहले से ही बहुत मशहूर स्टेट रहा है। दिल्ली के बाद लोग हिमाचल को ही दूसरी राजधानी के रूप में देखते थे। क्योंकि यहां की प्राकृतिक खूबसूरती सभी का मन मोह लेती है। यह स्विट्जरलैंड से कम नहीं है। हिमाचल एक विशेष प्रदेश है।
विज्ञापन






भगवान का नाम कम और राहुल व कांग्रेस का नाम ज्यादा ले रहे मोदी
खरगे ने कहा कि मोदी भगवान का नाम कम और राहुल गांधी व कांग्रेस का नाम ज्यादा लेते हैं। इनको सपने में भी यही नाम याद आते हैं। यह कांग्रेस, सोनिया और राहुल से डरते हैं। खरगे ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र से 10,000 करोड़ का मुआवजा मांगा, मगर मोदी ने हमारे झोले में पत्थर डाले। दुरुस्ती के लिए कुछ नहीं किया। खरगे बोले कि 1,500 रुपये देने की गारंटी को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस की पिछली सरकारों के बनाए आधारभूत ढांचों को मोदी बेचने पर आ गए हैं। खरीदने वाले अंबानी और अदाणी हैं। मोदी जादू से हर चीज मिलने की बात कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि मोदी ने हिमाचल के लिए क्या योगदान दिया। मोदी सरकार ने उल्टा सेब पर आयात शुल्क घटा दिया।





 

धर्म और जाति के नाम पर जनता को भड़का और बांट रहे मोदी : खरगे
मोदी धर्म और जाति के नाम पर भड़का कर लोगों में झगड़े डाल रहे हैं। देश में लोकतंत्र बचाने की जरूरत है। मोदी जानबूझ कर मुसलमानों को आरक्षण देने की बात कर रहे हैं। संविधान में ऐसा संभव नहीं है। यह आरोप प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए। खरगे ने कहा कि उन्हें वही बातें करनी चाहिए जो हो सके। देश में अनुसूचित जाति और जनजाति आरक्षण के 30 लाख पद खाली हैं, लेकिन उन्हें नहीं भरा गया। दो करोड़ नौकरी देने का बातें जुमला निकलीं। उन्होंने कहा कि देश में इंडी गठबंधन की सरकार बन रही है। इसको लेकर मोदी बौखलाकर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। मोदी ने हमेशा स्थिर सरकारों को गिराने की साजिश रची है। उन्होंने कर्नाटक, गोवा, मणीपुर, मध्यप्रदेश में सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास किया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी इंडी गठबंधन के साथ न जाने की बात कही। जब वे गठबंधन के साथ जाने को तैयार हुए तो उनके पीछे ईडी लगा दी। आदिवासियों को कुचला जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे पार्टी के नेताओं को कलंकित कहते हैं, जब उन्हें भाजपा में मिलाया जाता है तो वे साफ-सुधरे हो जाते हैं। मोदी की लॉडरी में बड़ी-बड़ी मशीनें है जहां उन्हें क्लीन किया जाता है। इसके बाद उन्हें सीएम, डिप्टी सीएम और मंत्री बनाया जाता है। खरगे ने कहा कि मोदी मंगलसूत्र छीनने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने देश के लिए जानें कुर्बान की हैं। मोदी बताएं किसका मंगलसूत्र छिना? मोदी हिमाचल से पुराना नाता होने की बात करते हैं लेकिन जब प्राकृतिक आपदा आई उस समय मोदी को हिमाचल की याद नहीं आई। आज हिमाचल आकर वे किस आधार पर जनता से वोट मांग रहे हैं। हिमाचल सरकार ने जैसे-तैसे आपदा लोगों को राहत दी है। मोदी ने आपदा से निपटने को एक भी पैसा नहीं दिया। उन्होंने कांग्रेस के पांच न्याय का जिक्र किया। युवा न्याय में एक लाख युवाओं को स्टाइपंड प्रशिक्षण के बाद नौकरी, नारी न्याय में सालाना गृहिणी महिलाओं को एक लाख रुपये, कर्ज माफी कर किसानों को न्याय, हिस्सेदारी न्याय दिया जाएगा।
 

देश की जनता और भाजपा के बीच चुनाव
चुनाव देश की जनता और भाजपा के बीच हो रहा है। देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से तंग आ चुकी है। किसानों की बदहाली, सांवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर इंडी गठबंधन लड़ रही है। देश की जनता में मोदी के प्रति भारी नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि 4 जून को इंडी गठबंधन सरकार बनने जा रही है। खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी धर्म के नाम पर क्यों कांग्रेस को गालियां दे रहे हैं। भगवान मोदी के ही नहीं सबके हैं। देश में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है। मोदी कहने से थक नहीं रहे कि कांग्रेस आई तो राम मंदिर में बुलडोजर चला देंगे, ताले लगा देंगे।

निडर होकर जनता के काम करवाते थे वीरभद्र : खरगे
 कांग्रेस की रोहड़ू में हुई चुनावी जनसभा में नेताओं के मुंह से जब-जब वीरभद्र सिंह का नाम निकला तो पंडाल में खूब तालियां और सीटियां बचती रहीं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वीरभद्र सिंह निडर होकर जनता के काम करवाते थे। उन्होंने कहा जब केंद्र में वीरभद्र सिंह इस्पात मंत्री थे तो उस समय रेल और श्रम मंत्रालय उनके पास था। उन्होंने बद्दी में अस्पताल की मांग की। उनकी मांग पर खुद बद्दी पहुंच कर शिलान्यास किया। उनके आग्रह पर एक मेडिकल काॅलेज हिमाचल को दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा सिंह का तरीका भी लोगों की समस्याओं को उठाने का उनकी तरह है।

उन्होंने मंच से रोहड़ू के निवासी हिमाचल के पहले मंत्री पंडित पद्म देव और सत्या देव बुशहरी को भी याद किया। कांग्रेस के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने कहा प्रदेश में उनके पिता छह बार सांसद रहे। उनको संसद तक पहुंचाने में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का पूरा सहयोग रहा। उन्होंने कहा चुनाव जीतने के बाद वीरभद्र सिंह ने जो जनहित के मुद्दे उनके सामने रखे उन्होंने नि:संकोच कोरे कागज पर हस्ताक्षर करके उनको पूरा किया। उन्होंने कहा वे वीरभद्र सिंह और अपने पिता स्व. केडी सुल्तानपुरी के मार्गदर्शन पर चलेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने कहा रोहड़ू वीरभद्र सिंह की कर्मभूमि है। रोहित ठाकुर ने वीरभद्र सिंह के योगदान को याद किया।
विज्ञापन

शिमला के नेरवा में प्रियंका गांधी की रैली 30 को
वहीं चौपाल के नेरवा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 30 मई को जनसभा करेंगी। कांग्रेस की स्टार प्रचारक की जनसभा के लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।  प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि जनसभा में चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अलावा ठियोग, जुब्बल कोटखाई एवं जिला सिरमौर के शिलाई व पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भी कार्यकर्ता शामिल होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें