बहुउद्देशीय हॉल में महाराष्ट्र के मावेली हैंडमेड स्वीट प्रोडक्ट्स ने लगाया स्टॉल
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बनाए हैं जैविक उत्पाद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के गेयटी थियेटर के बहुउद्देशीय हॉल में लगे आदि बाजार में महाराष्ट्र के मावेली हैंडमेड स्वीट प्रोडक्ट्स की ओर से स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल पर महुआ और गोंद से बने लड्डू गेयटी के आदि बाजार में मिठास बिखेर रहे हैं। स्टाॅल में महाराष्ट्र की स्वयं सहायक समूह की महिलाओं के घर में बनाए गए जैविक उत्पाद बेचे जा रहे हैं।
यहां महुआ से बने कई प्रकार के जैविक उत्पाद उपलब्ध हैं। स्टॉल संचालक विशाल पुड़ो और संतोष गावडे़ ने बताया कि महुआ महाराष्ट्र के जंगलों में पेड़ों पर फूल के रूप में उगता है। इसे स्थानीय स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तोड़ती हैं। फूल तोड़ने के बाद इन्हें धूप में सुखाया जाता है। सूखने के बाद इससे मिठाइयां और विभिन्न प्रकार के जैविक उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
स्टॉल पर बेचे जा रहे सभी उत्पाद महाराष्ट्र के आदिवासी लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए हैं। स्टॉल संचालकों का दावा है कि महुआ से बने जैविक उत्पाद शरीर की कई बीमारियों में लाभकारी होते हैं। उन्होंने बताया कि महुआ के फूल को सूखे फलों की तरह भी खाया जा सकता है।
इस स्टॉल पर महुआ की चटनी, सूखा फूल, चिक्की, सिरप के अलावा तिल की चटनी, मिर्ची का ठेचा, मिलेट के लड्डू, टमाटर का अचार, शहद सहित अन्य जैविक उत्पाद भी उपलब्ध हैं। स्टॉल संचालकों ने बताया कि स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार उत्पादों को मावेली हैंडमेड स्वीट प्रोडक्ट्स खरीद कर पूरे देश में बेचता है। इससे जहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार और सहयोग मिलता है, वहीं महाराष्ट्र के जैविक उत्पादों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।