बाहरी राज्यों से मांग के अनुसार नहीं पहुंच रही फसल
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सर्दियों के मौसम में सूखे का सबसे ज्यादा असर टमाटर की फसल पर पड़ रहा है। इसका सीधा असर बाजार पर देखने को मिल रहा है। लोअर बाजार स्थित सब्जी मंडी में सोमवार को टमाटर 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिकता नजर आया। बीते एक सप्ताह में टमाटर के दामों में 20 से 30 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं प्याज 30 से 40 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रहा है।
आमतौर पर सर्दियों में सब्जियों के दामों में गिरावट आती है, लेकिन इस वर्ष टमाटर की महंगाई ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सब्जी मंडी में दो किलो टमाटर खरीदने वाले ग्राहक दाम देखकर आधा किलो लेकर ही लौट रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि सर्दियों में टमाटर को पकने में अधिक समय लगता है, जिस कारण मांग के अनुसार मंडी में आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वर्तमान में सब्जी मंडी में बंगलूरू, इंदौर और दिल्ली से टमाटर की खेप पहुंच रही है। स्थानीय क्षेत्रों से केवल हरी पत्तेदार सब्जियां आ रही हैं, जिन्हें 20 से 30 रुपये प्रति गुच्छी के हिसाब से बेचा जा रहा है। अन्य अधिकांश सब्जियां पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली से आ रही हैं।
सब्जी विक्रेता सोहन सिंह ने बताया कि सोमवार को सब्जी मंडी में थोक में 20 से 22 किलो का एक करेट टमाटर 1400 रुपये में बिका, जबकि खुदरा बाजार में टमाटर 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि अन्य सब्जियों के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।
लोअर बाजार में सब्जी खरीदने आईं मोनिका और प्रीति ने बताया कि अब तड़के में टमाटर और टमाटर से बनने वाली सब्जियों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना पड़ रहा है।
लोअर बाजार आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विश्वेश्वर नाथ ने बताया कि इन दिनों बाहरी राज्यों से सब्जियों की पर्याप्त खेप पहुंच रही है, लेकिन टमाटर की आवक कम होने से इसके दामों में उछाल आया है। आने वाले दिनों में टमाटर की आवक बढ़ने के साथ दामों में गिरावट आने की उम्मीद है।
सब्जियों के दाम (प्रति किलो)
टमाटर - 70 से 80 रुपये
प्याज - 30 से 40 रुपये
आलू - 20 रुपये
बंद गोभी - 30 रुपये
फूल गोभी - 30 रुपये
शिमला मिर्च - 50 रुपये
गाजर - 30 रुपये
ब्रोकली - 40 रुपये
फ्रासबीन - 40 रुपये
मटर - 40 रुपये
खीरा - 40 रुपये