विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मंगलवार को सदन के भीतर भाजपा विधायकों ने बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर हंगामा किया तो बाहर महिला कांग्रेस ने बेटियों की सुरक्षा के लिए प्रदर्शन किया। अलका लांबा ने कहा कि भाजपा बूथ अध्यक्ष की बेटी ने भाजपा विधायक हंसराज के खिलाफ शिकायत की और एफआईआर दर्ज हुई लेकिन पुलिस ने विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। लांबा ने सवाल उठाया कि अब तक विधायक से पूछताछ क्यों नहीं हुई है। भाजपा विधायक का फोन जब्त क्यों नही किया गया। लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस मांग करती है कि भाजपा विधायक के फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच को भेजे जाएं।
अगर वो दोषी पाएं जाते है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएं। अलका लांबा ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज करवाने वाली बेटी पर राजनीतिक दबाव डाला जा रहा है। अलका लांबा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार इस तरह के मुद्दे को लेकर संवेदनशील नहीं है। उधर, प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन को बंद करते हुए राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की। अलका लांबा ने राज्यपाल को मामले की पूरी जानकारी देते हुए विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल मौजूद रहीं।
युवती ने महिला कांग्रेस अध्यक्ष समेत 10 के खिलाफ दर्ज की शिकायत
चुराह विधायक पर लगे छेड़छाड आरोपों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। युवती ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत 10 के खिलाफ तीसा थाना में युवती ने शिकायत दी है। शिकायत में पीड़िता ने अपनी जान को खतरा बताया है। साथ ही छवि धूमिल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि युवती ने तीसा पुलिस थाना में शिकायत दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।