भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार के साथ शिमला आए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी परिवार और रिश्तेदारों के साथ शिमला आए हैं, जो कुल 12 लोग हैं। सभी शिमला के व्हाइट हेवन होम स्टे मैहली में रूके हैं। बताया जा रहा है कि वे देर शाम करीब नौ बजे यहां पहुंचे हैं। जिला प्रशासन की ओर से उनकी सुरक्षा के तमाम इंतजाम किए गए हैं। होम स्टे के बाहर पुलिस भी तैनात की गई है। धोनी के पहुंचने की खबर सुनते ही उनके प्रंशसकों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। धोनी की एक झलक पाने को स्थानीय लोग और उनके प्रशंसक बेताब दिखे। धोनी ने प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाई। गौरतलब है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है। यह मैच इंग्लैंड के साऊथ हैम्पटन शहर में चल रहा है।