इस पत्रिका के हर दूसरे पन्ने पर भाजपा नेताओं की ओर से नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल को जन्मदिन के बधाई संदेश दिए गए थे।
- फोटो : अमर उजाला
धर्मशाला स्थित पर्यटन निगम के होटल कुनाल में शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा की उपस्थिति में नगर निगम के लोगो के लांचिंग कार्यक्रम के दौरान पार्षदों को नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के कथित गुणगान वाली पत्रिका बांटी गई। कार्यक्रम में सभी पार्षदों को बैग दिए गए। इसमें पार्षदों को नगर निगम के लोगो वाले पैड और डायरियां दी गईं।
इसके साथ बैग में एक साप्ताहिक पत्रिका भी बांटी गई। इस पत्रिका के हर दूसरे पन्ने पर भाजपा नेताओं की ओर से नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल को जन्मदिन के बधाई संदेश दिए गए थे। धूमल को बधाई संदेश का सौभाग्य देने पर एक महिला नेता ने पत्रिका का धन्यवाद भी किया है। इतना ही नहीं, इस पत्रिका में धूमल पर लेख भी लिखा गया है।
इसमें कहा गया है कि अगर भाजपा को सरकार बनानी है तो धूमल को पार्टी की पूरी कमान देनी होगी। कुल मिलाकर कहें तो पत्रिका को पढ़ने से यही लग रहा है कि पूरी पत्रिका नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के रंग में रंगी है। धूमल के कथित गुणगान वाली पत्रिका कांग्रेस सरकार के शहरी विकास मंत्री के कार्यक्रम में नगर निगम के पार्षदों को बांटी गई है। इसे देख कांग्रेसी पार्षद भी चकित थे।