नाहन में बैंकर्स समीक्षा समिति बैठक।
- फोटो : संवाद
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एलआर वर्मा ने सिरमौर के सभी बैंकों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न ऋण प्रायोजित योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एलआर वर्मा ने यह निर्देश जिला स्तरीय बैंकर्स समीक्षा समिति सिरमौर की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम व शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वीकृत विभिन्न मामलों में प्राथमिकता रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित बैंक स्वीकृत मामलों को तय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने नाबार्ड की वार्षिक संभाव्यता युक्त ऋण योजना 2024-25 को भी जारी किया, जिसमें प्राथमिकता क्षेत्र के लिए 2842.14 करोड़ रुपये के ऋण का संभावित आकलन किया गया। जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड विक्रमजीत सिंह ने योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी सांझा की। एजीएम आरबीआई शिमला आशीष शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की कार्यवाही में शामिल हुए। बैठक का संचालन अग्रणी जिला बैंक के प्रबंधक राजीव अरोड़ा ने किया। इस दौरान महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र साक्षी सती, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील शर्मा के अलावा विभिन्न बैंकों के अधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।