क्रिप्टोकरेंसी की तर्ज पर क्यूएफएक्स मामले को लेकर मंडी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस को आशंका थी कि कार्रवाई के बाद शातिर विदेश भाग सकते हैं। ऐसे में नियमानुसार कार्रवाई अमल पर लाई गई है।ठगी की शिकायतें मिलने पर मंडी पुलिस क्यूएफएक्स ट्रेड कंपनी के मंडी जिले के नागचला और जीरकपुर में दफ्तर को सील कर चुकी है। इसके अलावा मंडी पुलिस ने अन्य जगहों में भी दबिश दी है। इस मामले में मंडी पुलिस कुछ लोगाें से पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपियों के पकड़ में आने के बाद इस पूरे खेल का खुलासा होगा।
हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस अभी मीडिया से दूरी बनाई हुई है और किसी भी तरह की जानकारी शेयर करने से बच रही है। बता दें कि क्रिप्टोकरेंसी के नाम पर निवेश की तरह ही यहां भी कम समय में निवेश से बेहतर रिटर्न मिलने के लालच में सैकड़ों लोगों ने धनराशि लगा दी। अब सैकड़ों लोगों के हाथ में मूल धनराशि भी नहीं है। मामला ध्यान में आने के बाद मंडी पुलिस सक्रिय है और लगातार मामले में कार्रवाई अमल पर ला रही है। सूत्र बताते हैं कि यहां भी निवेश करने पर कुछ समय बाद रिटर्न मिलने पर कई अधिकारी, कर्मचारी, राजनीति व अन्य से जुड़े लोग लाखों रुपये लगा चुके हैं।
क्या है लुक आउट सर्कुलरलुकआउट सर्कुलर को लुकआउट नोटिस भी कहा जाता है। यह एक सर्कुलर होता है, जिसे एजेंसी के अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित करने के लिए जारी किया जाता है कि आपराधिक मामले में नामित शख्स देश छोड़कर भाग न सकें।
क्यूएफएक्स मामले में दो के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल की जा रही है।
-सौम्या सांबशिवन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंडी।