विंटर कार्निवल में रिज मैदान पर लगे स्टॉल में सर्दियों के कपड़े खरीदने के लिए उमड़ रही भीड़ गर्म सूट, स्टाइलिश हुड्डी युवाओं को कर रहे आकर्षित संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के रिज मैदान पर विंटर कार्निवल के तहत लगे स्टॉलों में सर्दियों के कपड़े खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इन स्टॉलों में मिल रहे लांग फेरन, शॉर्ट फेरन, डिजाइनदार श्रग और पोंचू युवतियों की खास पसंद बने हुए हैं। इन स्टॉलों में महिलाओं के लिए रखे गर्म सूट भी उन्हें खासे पसंद आ रहे हैं।
गर्म और स्टाइलिश हुड्डी, जैकेट और शैकेट (चेन वाली गर्म शर्ट) युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा मेले में शॉल, गर्म सूट, गर्म कपड़ा, लांग कोट, स्टॉल, ब्लेजर, कोटी, लांग स्वेटर के साथ और भी कई कपड़े मिल रहे हैं। यह सभी कपड़े ऊन और फेब्रिक से बने हुए हैं। इसके साथ ही स्टॉलों पर मिल रहे गर्म लोअर, स्वैट शर्ट, ट्रैक सूट, जिप्पर और विंड शीटर लड़कों को पसंद आ रहे हैं। गर्म कपड़ों की खरीदारी कर रही मीनाक्षी ने बताया कि लांग फेरन और शॉर्ट फेरन बहुत गर्म हैं और गले तथा किनारों पर बने डिजाइन आकर्षक लग रहे हैं। साथ ही कपड़ों की क्वालिटी भी अच्छी है। दिल्ली से आए कार्तिक और उनके दोस्तों ने बताया कि कपड़ों की क्वालिटी कीमत के हिसाब से सही है लेकिन कुछ कपड़े बहुत महंगे हैं। युवतियों के कपड़ों की स्टॉल संचालक हिमानी ने बताया कि स्टॉल को लगाए तीन दिन हो गए हैं और लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। युवतियों को फेरन, श्रग और लॉन्ग कुर्तियों ज्यादा पसंद आ रही हैं। संवाद
250 रुपये की स्टॉल और 2400 के बिक रहे गर्म सूट
युवतियों के स्टॉल 250 और गर्म सूट 1200 से 2400 रुपये में मिल रहे हैं। इनके अलावा शॉल 450 से 700, रेजिंग स्टफ के शॉल 350 से 600, श्रग 1200 से 1500 रुपये में मिल रहे हैं। गर्म कपड़ा 750 से 1000, लांग फेरन 1250 से 1500, शॉर्ट फेरन 1350 से 1590, लांग कोट 1500 से 2000 और पोंचू 1090 से 1290 रुपये में बिक रहे हैं। वहीं जैंट्स हुड्डी 600 से 1200 और लोअर 350 से 600 रुपये तक मिल रहे हैं। इसके अलावा जैकेट 1200 से 1500, शैकेट (चेन वाली गर्म शर्ट) 700 से 1000, स्वैट शर्ट 600 से 1000, ट्रैक सूट 1200 से 1500, जिप्पर 600 से 1200 और विंड शीटर 500 से 900 रुपये तक बिक रहे हैं।