1967 प्रेम चंद वर्मा कांग्रेस
1971 नारायण चंद पराशर कांग्रेस
1977 ठाकुर रणजीत सिंह जनता पार्टी
1980 नारायण चंद पराशर कांग्रेस
1984 नारायण चंद पराशर कांग्रेस
1989 प्रेम कुमार धूमल भाजपा
1991 प्रेम कुमार धूमल भाजपा
1996 मेजर जनरल विक्रम सिंह भाजपा
1998 सुरेश चंदेल भाजपा
1999 सुरेश चंदेल भाजपा
2004 सुरेश चंदेल भाजपा
2007 प्रेम कुमार धूमल भाजपा
2008 अनुराग ठाकुर भाजपा
2009 अनुराग ठाकुर भाजपा
2014 अनुराग ठाकुर भाजपा
संसदीय क्षेत्र हमीरपुर की भौगोलिक स्थिति प्रदेश में सबसे सरल है। यहां कांगड़ा-चंबा, मंडी और शिमला लोकसभा क्षेत्र की तरह जनजातीय क्षेत्र शामिल नहीं हैं। इसके चलते सभी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार आसान रहता है।
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंडी जिले का धर्मपुर विस क्षेत्र और हमीरपुर का सुजानपुर व भोरंज विस क्षेत्र ऊंचाई पर हैं, जबकि शेष 14 विधानसभा क्षेत्र तकरीबन मैदानी हैं। 17 विधानसभा क्षेत्रों के 13.09 लाख मतदाता आने वाले 19 मई को 1764 बूथों पर मतदान करेंगे। ऊना और बिलासपुर की तुलना में हमीरपुर जिले में महिला मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हैं ये 17 विस क्षेत्र
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र पांच जिलों के विधानसभा क्षेत्रों को जोड़कर बना है। इसमें धर्मपुर, भोरंज, सुजानपुर, हमीरपुर, नादौन, बड़सर, बिलासपुर, घुमारवीं, झंडूता, श्री नैनादेवी, ऊना, गगरेट, चिंतपूर्णी, हरोली, कुटलैहड़, देहरा और जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
संसदीय क्षेत्र हमीरपुर में कुल 13 लाख 9 हजार 473 मतदाता हैं जिसमें से महिलाएं 6.54 लाख और पुरुष मतदाता 6.55 लाख हैं। 1764 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। हमीरपुर में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले अधिक है। यहां पर 3.84 लाख मतदाताओं में से महिला मतदाता 1.95 लाख हैं, जबकि पुरुषों की संख्या 1.88 लाख है।
वहीं बिलासपुर में 3.03 लाख मतदाता हैं, जिनमें से पुरुषों की संख्या 1,32,632 है, जबकि महिलाओं की संख्या 1,49,931 है। जिले के चार विस क्षेत्रों में कुल 414 मतदान केंद्र हैं। हालांकि, अभी तक नए मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, ऊना जिला में कुल 3.99 लाख मतदाता हैं जिनमें पुरुषों की संख्या 2,02,829 और महिलाओं की संख्या 1,96,390 है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में श्री नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र का टेरा मतदान केंद्र समुद्रतल से सबसे ज्यादा ऊंचाई पर है।
13वीं बार लोस चुनावों में मतदान करेंगे पंडित शिवराम
उपमंडल बड़सर की ग्यारह ग्रां पंचायत के भालत गांव निवासी 101 वर्षीय पंडित शिव राम अब 13वीं बार लोकसभा चुनावों में मतदान करेंगे। इससे पूर्व वह 12 लोकसभा चुनावों में मतदान कर चुके हैं। शिवराम का जन्म जुलाई 1917 में हुआ है। वहीं विस चुनावों में शिवराम 11 बार मतदान कर चुके हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि मतदान देश के लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है इसमें सभी को बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए।
वर्ष भाजपा कांग्रेस
2014 4,48,035 3,49,632
2009 3,73,598 3,00,866
2008 3,74,339 1,99,637
2007 3,82,128 3,02,069
2004 3,13,243 3,11,628
संसदीय क्षेत्र के 10 विस हलकों में भाजपा विधायक हैं जबकि छह पर कांग्रेस और एक पर निर्दलीय है। संसदीय सीट क्षेत्र से तीन कैबिनेट मंत्री आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह, पंचायती राज वीरेंद्र कंवर और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर हैं।
हमीरपुर सीट में 13.09 लाख मतदाताओं में सबसे अधिक सवर्ण मतदाता हैं। संसदीय क्षेत्र में बेशक राजपूत वोटर अधिक हैं। लेकिन हमीरपुर के नादौन से संबंध रखने वाले कांग्रेस से ओबीसी प्रत्याशी रहे नारायण चंद पराशर ने लोकसभा में तीन बार जीत हासिल की थी।
संसदीय क्षेत्र में 5 लाख राजपूत, 2.70 लाख ब्राह्मण, 3.23 लाख अनुसूचित जाति, 26 हजार अनुसूचित जनजाति और 2 लाख ओबीसी वोटर हैं। 17 विधानसभा क्षेत्रों में हमीरपुर जिला की भोरंज, बिलासपुर की झंडूता और ऊना की चिंतपूर्णी सीट कुल तीन विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
ऊना में 3.97 लाख सवर्ण, 8601 एसटी, व 1.15 लाख एससी, हमीरपुर में 3.42 लाख सवर्ण, 3044 एसटी व 1.09 लाख एससी, बिलासपुर में 2.72 लाख सवर्ण, 10693 एसटी व 98,989 एससी वोटर हैं।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कई चुनावी मुद्दे हैं। जिनमें से अभी बीते माह कइयों के शिलान्यास हो चुके हैं। जिसमें एम्स, पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर, देहरा में सीयू की स्थापना, ऊना में ट्रिपल आईटी और नादौन में केवि का शिलान्यास हो चुका है।
-हमीरपुर-ऊना रेललाईन
-हमीरपुर के जाहू और नादौन में एयरपोर्ट
-बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)
-ऊना में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी(ट्रिपल आईटी)
-ऊना में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर
-कांगड़ा के देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय
-हमीरपुर के नादौन में केंद्रीय विद्यालय
-सुजानपुर से लेकर देहरा तक वाटर स्पोर्ट्स
-संसदीय क्षेत्र में शहीद स्मारक
उपमंडल बड़सर की ग्यारह ग्रां पंचायत के भालत गांव निवासी 101 वर्षीय पंडित शिव राम अब 13वीं बार लोकसभा चुनावों में मतदान करेंगे। इससे पूर्व वह 12 लोकसभा चुनावों में मतदान कर चुके हैं।
शिवराम का जन्म जुलाई 1917 में हुआ है। वहीं, विस चुनावों में शिवराम 11 बार मतदान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आजकल चुनाव प्रचार काफी हाइटेक हो गया है।
पहले प्रत्याशी घर-घर जाकर चुनाव प्रचार करते थे, लेकिन अब मोबाइल, टेलिविजन और मीडिया के माध्यम से प्रचार हो रहा है। अब तो झट से वोट डल जाता है।