हवा में नहीं, रणनीति बनाकर लड़ेंगे चुनाव : विक्रमादित्य
मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कमजोर कड़ी को समझने की जरूरत है। हवा में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा जाएगा, बल्कि रणनीति और टीम वर्क से चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता 10-10 भाजपा कार्यकर्ताओं पर भारी है। बस जज्बा होना चाहिए। उन्होंने बुधवार को मंडी शहर में बैठक में कार्यकर्ताओं में जोश भरा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन वह किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच सकीं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं और ब्लॉक अध्यक्ष ने बैठक में बेबाकी से अपनी राय रखी है।
इसकी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष पेश की जाएगी। सभी को एक ही परिवार का सदस्य बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं का सलाह दी कि कमजोरी को सुनने की भी क्षमता होनी चाहिए और कमजोरी बताने वाले को गले लगाएं। कड़वा बोलने वालों को भी अपना हितैषी मानें। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विधानसभा वार दौरा किया जाएगा। सरकार और संगठन के समन्वय का मामला और सीएम सुक्खू के समक्ष गंभीरता से रखेंगे और सही तंत्र विकसित करेंगे। सीएम से समय लेकर मंडी और कुल्लू में बड़े कार्यक्रम करवाया जाने को लेकर विचार किया जाएगा।मंडी संसदीय क्षेत्र के लाहौल-स्पीति हलके में होने वाले उपचुनाव में ही सभी प्रकार के संकट खत्म कर दिए जाएंगे।
बागी विधायकों की बात पर भड़के कार्यकर्ता, अनदेखी का मुद्दा गूंजा
कांग्रेस की मंडी संसदीय क्षेत्र की बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारियों ने अपना पक्ष वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखा। जोगिंद्रनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर बागी विधायकों के बारे में बात करने लगे तो पार्टी कार्यकर्ता भड़क उठे। कार्यकर्ता भाषण के बीच ही बोल पड़े कि कांग्रेस छोड़कर जाने वालों का प्रचार न करें। हालांकि, कुछ सुरेंद्र ठाकुर के विचार सुनने के पक्ष में रहे। सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि लोकसभा में यह हालत है कि हम कमजोर पड़े हैं। सरकार बनने के बाद कार्यकर्ता की हालत नहीं जानी जाती है। अपनी सरकार होते हुए भी कार्यकर्ता ढूंढने पड़ रहे हैं, यह जोगिंद्रनगर की हकीकत है। छह विधायकों ने कांग्रेस छोड़ी, वह मजबूर थे। किस स्थिति पर थे... यह बोला ही था कि कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच में ही विरोध शुरू कर दिया। बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत करवाया।
बैठक में गूंजी अनदेखी, गुटबाजी की बात
बैठक के दौरान अधिक ब्लॉक अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा भी विक्रमादित्य सिंह के समक्ष रखा। सरकार और संगठन में तालमेल की कमी का मामला भी खूब गूंजा। बैठक में एक-दूसरे के हलकों में हस्तक्षेप न करने और सलाहकार न बनने का भी मामला उठा। बैठक में स्थानीय स्तर की गुटबाजी, पैराशूटर नियुक्तियां, बूथ स्तर पर खर्च के लिए धनराशि का मामला उठा।
सरकार की कार्यप्रणाली पर जताया रोष
बैठक में अधिकतर पदाधिकारियों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। बैठक में प्रतिभा सिंह और वीरभद्र सिंह के खूब नारे लगे। बैठक में वीरभद्र सिंह का फोटो न होने पर व्यवस्था की कमी होने की बात कुल्लू जिला के अध्यक्ष ने कही। इस दौरान अधिकांश ब्लॉक अध्यक्षों ने मंडी सीट से प्रतिभा सिंह नाम पर मुहर लगाई।
ऐसे न कहें, भाजपा मजबूत और हम कमजोर : प्रकाश
मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ता के दम पर ही नेता होते हैं। दुख तब होता है कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि भाजपा की टीम मजबूत है। यह न कहें कि भाजपा मजबूत और हम कमजोर हैं, ऐसे कैसे चुनाव लड़ेंगे, जब मन में यह भावना है।
ईमानदारी से काम करें तो उम्मीदवार जीतेगा : कौल
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ता ईमानदारी से काम करें तो उम्मीदवार जीतेगा। कार्यकर्ता काम करना बंद कर दें तो जीतने की संभावना नहीं रहती। मतभेद भुलाकर सभी कार्य करें। लोगों के समर्थन से चुनाव जीतेंगे। मन बनाकर फील्ड में जाए और काम करें।