पोलिंग पार्टी को 23 से 25 और 30 और 31 मई को करना होगा मतदान
बूथ स्तर पर चुनाव करवाने वाली पोलिंग पार्टी के सदस्य प्रशिक्षण स्थलों पर स्थापित मतदाता सुविधा केंद्रों पर 23 से 25 मई और 30, 31 मई को मतदान कर सकेंगे। गर्ग ने बताया कि मतदान दलों के अलावा चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी, वीडियोग्राफर, चालक-परिचालक, सफाईकर्मी और डयूटी में तैनात अन्य कर्मी मतदान तिथि से तीन दिन पूर्व 29 से 31 मई तक निर्वाचन अधिकारी और एआरओ कार्यालय में स्थापित सुविधा केंद्रों में मतदान कर सकेंगे।
रोजाना 3:15 बजे से पहले निर्वाचन पोर्टल में देनी होगी नामांकन की जानकारी
गर्ग ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को नामांकन से संबंधित फार्म-3ए को रोजाना अपडेट करने और दोपहर 3:15 बजे से पहले निर्वाचन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचन अधिकारी नामांकन वापसी के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची वाले फार्म-7ए की सावधानीपूर्वक जांच कर उसकी प्रतियां 17 मई को शाम 3.30 बजे तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। निर्वाचन अधिकारी 7 मई को सुबह 11 बजे से पहले फार्म-1 में चुनाव की सूचना जारी करेंगे।
सही मतदान तय करता है बेहतर भविष्य : जूनी
जिला सिरमौर के भगतांवाली गांव निवासी 105 वर्षीय जूनी का कहना है कि उन्हें मतदान करना अच्छा लगता है। उम्र के इस पड़ाव में भी वह मतदान करने जरूर जाएंगी। उन्होंने कहा कि एक-एक मतदान मायने रखता है, ऐसे में मतदान का सही प्रयोग भविष्य तय करता है। मतदान ही आम लोगों की ताकत है। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन की ओर से भी मतदान को लेकर काफी जागरुकता लाई जा रही है। पहले जागरुकता के साधन कम थे।