हमीरपुर, शिमला और कांगड़ा में नए चेहरों पर दांव की तैयारी
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हमीरपुर, शिमला और कांगड़ा में नये चेहरों पर दांव खेलने की तैयारी में है। हमीरपुर सीट पर कांग्रेस को लगातार आठ चुनावों से हार का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 1996 में विक्रम सिंह के चुनाव जीतने के बाद से कांग्रेस के हाथ यह सीट नहीं लगी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर लगातार तीन चुनाव यहां जीत चुके हैं। इस बार के चुनाव में हमीरपुर के चुनाव में कांग्रेस की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की यह गृह सीट है। यहां से भाजपा को पटखनी देने के लिए कांग्रेस किसी नए चेहरे को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में है। उधर, कांगड़ा और शिमला संसदीय सीट को कांग्रेस लगातार तीन चुनाव से हार रही है।
यहां से कांग्रेस इस बार किस को प्रत्याशी बनाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रतिभा सिंह के उम्मीदवार रहते पूर्व की जयराम सरकार के समय में मंडी में हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज की थी। सांसद प्रतिभा सिंह बीते एक वर्ष से संसदीय क्षेत्र में सक्रिय भी हैं। इनके पुत्र और लोकनिर्माण व शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी मंडी सीट पर फोकस किया हुआ है। विक्रमादित्य सिंह के एक माह के दौरान चार से पांच बार मंडी संसदीय के जिलों में लगातार दौरे हो रहे हैं। कुल्लू, मंडी, किन्नाैर, लाहौल-स्पीति और रामपुर क्षेत्र मंडी संसदीय सीट के तहत आते हैं।
राज्यसभा सांसद को लेकर राजीव शुक्ल से की चर्चा
- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सोमवार देर शाम को हिमाचल में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की। 15 फरवरी को राज्यसभा सीट के लिए राज्य विधानसभा में नामांकन होना है। प्रदेश से राज्यसभा में जाने के लिए सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और आनंद शर्मा के नाम की चर्चा है।
सोनिया-प्रियंका का हिमाचल से राज्यसभा में जाना सौभाग्य की बात : सुक्खू
- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि अगर पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी या महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल से राज्यसभा जाना चाहेंंगी तो इससे बड़ी कोई सौभाग्य की बात नहीं होगी। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार का देश में सिर्फ एक अपना घर है, वो भी शिमला में। उन्होंने कहा कि राज्यसभा प्रत्याशी के चयन का अधिकार हाईकमान के पास है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ही इस बाबत फैसले लेंंगे।