नकदी और शराब पर कड़ी नजर सीसीटीवी से लैस हुईं चेक पोस्ट
लोकसभा चुनाव 2024 पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए निर्वाचन विभाग ने कमर कस ली है। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। राज्यों के सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्ट सीसीटीवी कैमरों से लैस किए गए हैं ताकि बेहतर तरीके से निगरानी की जा सके। सुरक्षाबलों की तैनाती कर सीमाओं की निगरानी की जा रही है।
चेक पोस्ट 24 घंटे सातों दिन काम करेंगी। सुरक्षा में लगे जवानों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब और अधिक मात्रा में नकदी ले जाने वालों पर कड़ी नजर रखें। चेक पोस्ट से गुजरने वाले हर वाहन की गहन जांच की जाए। किसी वाहन से अवैध शराब या अधिक मात्रा में नकदी मिलती है तो तुरंत जिले के एसपी को सूचना दी जाए ताकि बिना समय गंवाए कार्रवाई हो सके। लोकसभा चुनावों के लिए प्रदेश को केंद्रीय बल मिलने के बाद चेक पोस्ट पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की जाएगी। पंजाब, हरियाणा से अवैध शराब की खेप प्रदेश में न पहुंचे इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने और सीमावर्ती राज्यों की पुलिस से भी सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
सुजानपुर से कुलदीप पठानिया ने जताई टिकट की दावेदारी
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव के लिए कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी जताई है। मंगलवार को शिमला में उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से मुलाकात भी की। वह बमसन से वर्ष 1993 में विधायक रह चुके हैं। उन्होंने दो बार प्रेम कुमार धूमल के खिलाफ चुनाव भी लड़ा है। वह प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे हैं। 2017 में कुलदीप पठानिया ने हमीरपुर से कांग्रेस टिकट पर भी चुनाव लड़ा था। वह सुजानपुर विस क्षेत्र के बोहनी गांव के रहने वाले हैं। पठानिया को सुक्खू के करीबियों में गिना जाता है। पठानिया ने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी आदेश देगा, उसका पालन किया जाएगा। उधर, मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व उद्योग मंत्री कुलदीप कुमार ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। कुलदीप कुमार गगरेट और चिंतपूर्णी से चुनाव लड़ते रहे हैं। पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के बेटे और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने भी मुख्यमंत्री से ओकओवर में मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार दोनों में मंडी सीट पर मंत्रणा हुई है। आश्रय को भी कांग्रेस प्रत्याशी के विकल्प के तौर पर देख रही है। अभी बात चल रही है।